कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सेवा पखवाड़ा अन्तर्गत संचालित स्वस्थ नारी सशक्त परिवार की अब तक जिले में हुई प्रगति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि आगामी 26 व 27 सितंबर को स्वास्थ्य केन्द्रों में विशेष शिविर लगाकर स्वास्थ्य सेवाओं का सभी महिलाओं को लाभ दिलायें। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत संचालित गतिविधियों में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच व स्क्रीनिंग कर जानकारी पोर्टल में अपलोड करें।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि शिविर में गर्भवती महिलाओं और अन्य महिलाओं की स्वास्थ्य की जांच, बच्चों व महिलाओं का टीकाकरण तथा संचारी एवं असंचारी रोगों की पहचान के लिये जांच हो तथा प्रत्येक दिन की गतिविधि की जानकारी स्वास्थ्य केन्द्रवार पोर्टल में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका प्रत्येक गर्भवती महिला को स्वास्थ्य केन्द्र तक ले जाकर स्वास्थ्य की जांच करायें तथा विद्यालयों में किशोर बालिकाओं की जांच करायें। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच स्क्रीनिंग की रिपोर्ट नहीं फीड की जा रही है उनके विरूद्ध कार्यवाही करें।
बैठक में कलेक्टर ने आगाह किया कि प्रदेश में जिले की अभियान के तहत प्रगति अच्छी होनी चाहिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने एनएचएम के डीपीओ राघवेन्द्र मिश्रा को नियमित मानीटरिंग न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जबकि डॉ. सुनील अवस्थी एवं बीपी सिंह नोडल अधिकारी आरबीएसके को बैठक में अनुपस्थित रहने तथा सीपीएचसी सलाहकार आकांक्षा सिंह को स्वास्थ्य परीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि जिले में अभी तक 970 व्यक्तियों ने रक्तदान किया, 95 लोगों की कैंसर एवं 251 सिकल सेल सहित 14570 की स्क्रीनिंग की गई। अनमोल पोर्टल में 3437 महिलाओं की एएनसी तथा 1568 का टीकाकरण किया गया। कलेक्टर ने अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों में पूरे समर्पण व निष्ठाभाव से कार्य करने के निर्देश दिये तथा कहा कि मैदानी अमला तत्परता से कार्य करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, सीएमएचओ डॉ. संजीव शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. मंजुल पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक उपस्थित रहे।




