त्योंथर ब्यूरो। त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने सोमवार को बौना कोठार पंचायत के बदौली में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। विधायक ने बौना से महेदवा रोड के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाएगा। बदौली-खैरियन रोड का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया गया। लंबे समय से इस मार्ग की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इस अवसर पर सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि त्योंथर विधानसभा का विकास ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “सड़कों का जाल बिछाने से न केवल आवागवन में आसान होती है, बल्कि व्यापार और समृद्धि के द्वार भी खुलेंगे। हम मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हर गांव को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित हैं। विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने कहा, “आज का दिन बदौली और आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रगति का नया अध्याय है। बौना से महादेव रोड का निर्माण गांवों को जोड़ने वाली जीवनरेखा साबित होगी। वर्षों से उपेक्षित रही बदौली-खैरियन रोड का लोकार्पण इस बात का प्रमाण है कि हमारी सरकार कथनी से ज्यादा करनी में विश्वास रखती है। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा, मेरा लक्ष्य केवल सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि त्योंथर के हर परिवार के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। भाजपा सरकार ‘अंत्योदय’ के मंत्र पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचा रही है। हम त्योंथर को मध्य प्रदेश का मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं। आने वाले समय में सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई बड़ी परियोजनाएं इस क्षेत्र को मिलने वाली हैं।”
सिद्धार्थ तिवारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास की यह गति रुकने वाली नहीं है और क्षेत्र की हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम में गंगा द्विवेदी, जन उपाध्यक्ष अंजना सुधीर सिंह, मंडल अध्यक्ष समीर सिंह ग्राम पंचायत सरपंच कृष्णा कुमारी पांडेय समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



