त्यौंथर में आयोजित नगर पंचायत के जन विश्वास शिविर का विधायक त्यौंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज तथा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन विश्वास शिविर के माध्यम से अंत्योदय की भावना को चरितार्थ किया है। शिविर में आमजनता के आवेदन पत्रों का निराकरण होने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को मिल रही है। जन विश्वास शिविर के माध्यम से अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। सरकार की विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों ने तेजी से कार्य किया है। प्राकृतिक आपदा पीड़ितों के परिवारजनों को चार लाख रुपए तक की सहायता दी जा रही है। संबल योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, लाड़ली बहना योजना तथा अन्य योजनाओं से हितग्राही लगातार लाभान्वित हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ त्यौंथर विधानसभा क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है। मुख्यमंत्री जी ने त्यौंथर को चार सौ एकड़ के औद्योगिक पार्क तथा आईटीआई की सौगात दी है। भगवान राम के धाम से आने पर त्यौंथर विन्ध्य का प्रवेश द्वार है। इसे प्रदेश की सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। त्यौंथर में पिछले तीन सालों में एक हजार से अधिक खराब ट्रांसफार्मर बदले गए। शिविर में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जन विश्वास शिविर मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजना है। शिविर में प्राप्त होने वाले आमजनता के हर आवेदन का अधिकारी समुचित निराकरण कर रहे हैं। हितग्राहियों को पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। त्यौंथर क्षेत्र में बड़ी संख्या में राजस्व प्रकरण लंबित हैं। शीघ्र ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण और प्रचलित आम रास्त को खसरे में दर्ज करने के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
जन विश्वास शिविर में विधायक त्यौंथर तथा कलेक्टर ने आमजनता से प्राप्त 390 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। विधायक और कलेक्टर ने लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा संबल योजना के हितलाभ का वितरण किया। समारोह में संदीप पाण्डेय को उद्यम क्रांति योजना से भवन निर्माण सामग्री की दुकान खोलने के लिए 10 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया। भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना से प्रदीप आदिवासी को फास्टफूड कार्नर बनाने के लिए 1.75 लाख रुपए का ऋण प्रदान किया गया। शिविर में हाल ही में चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। विधायक त्यौंथर तथा कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए प्रत्येक विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को योजनाओं के संबंध में निर्देश दिए। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कृष्णावती विद्यासागर शुक्ला, प्रभारी एसडीएम पारसनाथ मिश्रा, सीएमओ आनंद मिश्रा, तहसीलदार राजेश तिवारी, सभी जिला स्तर तथा खण्ड स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





