हर घर तिरंगा अभियान तथा हर घर स्वच्छता अभियान के तहत स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा में विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। इसके माध्यम से देश की एकता और देश के विकास में सहयोग का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में हर व्यक्ति गर्व के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराए। तिरंगा राष्ट्र के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। देश की आजादी के समय इसी तिरंगे को लेकर चलने पर अंग्रेजों द्वारा गोली मार दी जाती थी। आजादी के बाद भी केवल गिनेचुने सरकारी भवनों में ही तिरंगा फहराया जाता था। अब हर व्यक्ति शान से अपने घरों में तिरंगा फहरा सकता है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान को स्वच्छता अभियान से जोड़ा है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से देश भर में लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान से कार्यालय, सार्वजनिक स्थल और ग्रामों तथा नगरों में स्वच्छता का वातावरण निर्मित हुआ है। हम सब भी अपने घर और आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर देश को स्वच्छ बनाने में योगदान दें।
सांसद श्री मिश्र ने मानव श्रृंखला में शामिल विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को गौरवशाली और विकसित बनाने की जिम्मेदारी अब आने वाली पीढ़ी पर है। सभी बच्चे शिक्षित और संस्कारित बनकर स्वतंत्रता का मान बढ़ाएं तथा देश के विकास में योगदान दें। सांसद ने सभी को हर घर तिरंगा अभियान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि मानव श्रृंखला हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रही है। हम देश को विकसित बनाने और गौरवशाली बनाने में योगदान दें। तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। हर घर में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान का स्मरण करें। मानव श्रृंखला का आयोजन शिक्षा विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। तिरंगा मानव श्रृंखला में रीवा शहर के शासकीय और अशासकीय स्कूलों के 1500 विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, श्री सतीश सिंह, श्री शिवम दुबे, श्री मुकेश पटेल, श्री राजीव तिवारी, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा, प्राचार्य संदीपनि विद्यालय वरूणेन्द्र सिंह, सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।