रीवा, मप्र। धान उपार्जन के लिए अब तक 23 हजार 291 किसानों ने स्लॉट बुक
जिले में 123 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य 2040 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का उपार्जन किया जा रहा है। अब तक 5281 किसानों से दो लाख 8 हजार 351 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। खरीदे गए धान के लिए 62 करोड़ 65 लाख रुपए के स्वीकृति पत्रक मंजूर किए गए हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि धान उपार्जन के लिए अब तक 23 हजार 291 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं। जिले में 24 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्रों में धान का उपार्जन किया जा रहा है।
जिले भर में 28 नवम्बर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन आरंभ हो गया है। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि धान का उपार्जन करने के लिए 123 खरीदी केन्द्र बनाए हैं। इन सभी खरीदी केन्द्रों को जिले के नक्शे पर दर्शाकर इसका सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में 24 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों में किसानों से उपार्जित धान का तत्काल भण्डारण करके दो दिवसों में भुगतान दिया जा रहा है