त्योंथर क्षेत्र को विकसित और समृद्ध बनायेंगे – विधायक

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में तीन और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर लगाये जा रहे हैं। इस क्रम में त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में ग्राम मझिगवां में आयोजित सेवा सेतु तथा जनविश्वास शिविर का शुभारंभ विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज ने किया। शिविर हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री तिवारी ने कहा कि जनता को शासन की योजनाओं का उनके गांव में आकर लाभ देने तथा उनके आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए शिविर लगाया गया है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष मनाने का उत्सव सेवा संकल्प अभियान है। अभियान के तहत हर पात्र हितग्राही को योजनाओं से लाभांवित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी और प्रदेश के मुख्यमंत्री जी सदैव गरीबों के कल्याण की चिंता करते हैं। पहले गरीब मजदूर की मौत पर परिवार अनाथ हो जाता था अब हमारी सरकार मजदूर की असमय मौत पर परिवारजनों को संबल योजना से 4 लाख रूपये की सहायता दे रही है। आयुष्मान कार्ड से गरीब व्यक्ति भी बड़े से बड़े अस्पताल में अपना इलाज करा रहा है। उसे एक साल में 5 लाख रूपये की उपचार सहायता दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना ने महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया है।

विधायक श्री तिवारी ने कहा कि मेरे बाबा श्रीयुक्त श्री निवास तिवारी का कार्यक्षेत्र त्योंथर रहा है। आमजनता ने उनके नाती को भी सेवा के लिए आशीर्वाद दिया है। त्योंथर को हर दृष्टि से विकसित और समृद्ध बनायेंगे। त्योंथर मध्यप्रदेश का प्रदेश द्वार है। मुख्यमंत्री जी ने गतवर्ष त्योंथर में आकर अनेक सौगातें दी यहां 400 हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण किया जा रहा है। मीरबहरी पुल का निर्माण पूरा हो गया है। त्योंथर को आईटीआई की सौगात मिली है। विधायक ने आमजनता के आवेदन पत्रों में सुनवाई करते हुए बीएमओ को उपचार व्यवस्था तथा कार्यपालन यंत्री विद्युत मंडल को बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

शिविर में प्रभारी कलेक्टर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख ने कहा कि आमजनता से मिले सभी आवेदन पत्रों का समुचित निराकरण किया जायेगा। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के लिए आवेदन पत्र भरवाये जा रहे हैं। शिविर में स्वास्थ्य केन्द्र में नि:शुल्क जांच, आधार कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड बनाने एवं खाद्य सुरक्षा योजना के हितग्राहियों के ईकेवाइसी अपडेशन की भी व्यवस्था है। शिविर के साथ-साथ अधिकारियों द्वारा उचित मूल्य दुकान, हाई स्कूल, पंचायत कार्यालय तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया गया है। शिविर में शासन की योजनाओं का लाभ देने के लिए जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारी विभागवार स्टालों में उपस्थित हैं। शिविर के साथ उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया है।

शिविर में विधायक और प्रभारी कलेक्टर ने आमजनता के 269 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। इनमें से 54 आवेदन पत्रों का निराकरण किया गया। शिविर में प्राकृतिक दुर्घटना में असमय जान गवानें वाले आठ व्यक्तियों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किये गये। शिविर में जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड तथा अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया गया। विधायक और प्रभारी कलेक्टर ने शिविर के प्रत्येक स्टाल में जाकर योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता माझी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मीनू कोल, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजना सिंह, जनपद सदस्य तथा सरपंचगण, एसडीएम त्योंथर राकेश चौरसिया, जनपद के सीईओ प्रवीण बसोड, जिला एवं खण्ड स्तर के सभी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें
error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now