रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा है कि उच्च न्यायालय में दर्ज रिट याचिका प्रकरणों तथा अवमानना प्रकरणों में जवाब दावा तत्काल प्रस्तुत करें। रिट याचिका में जवाब दावा प्रस्तुत करने के साथ अवमानना प्रकरण में न्यायालय द्वारा पारित आदेश का पालन करते हुए की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाब दावा प्रस्तुत न करने तथा शासन का पक्ष ठीक से न रखने पर शासन-प्रशासन की छवि धूमिल होती है। सभी अधिकारियों को लंबित रिट याचिकाओं तथा अवमानना प्रकरणों की सूची दी जा चुकी है। इनमें तय समय सीमा में कार्यवाही करके न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। न्यायालयीन प्रकरणों में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी प्रकरणों की अपडेट जानकारी हाईकोर्ट की वेबसाइट में देखकर उसके अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। जवाब दावा की एक प्रति कलेक्टर कार्यालय की व्यवहारवाद शाखा को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।






