सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों एवं पेयजल व्यवस्था की कलेक्टर ने की समीक्षा

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों तथा लंबित प्रकरणों  की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का गंभीरता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करे।

अभियान के तहत  जिले का तीसरा शिविर 21 अगस्त को विकासखण्ड नईगढ़ी सीएफटी भवन फूलकरण सिंह में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर  ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत 21 अगस्त को  आयोजित होने वाले  शिविर की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शिविर के पूर्व विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतम प्रकरणों का निराकरण शिविर से पहले ही कर लिया जाए तथा शेष प्रकरणों का समाधान शिविर स्थल पर प्राथमिकता से किया जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आमजन से संबंधित मामलों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर ने  पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, गृह विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार जानकारी प्राप्त की । कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर नियमानुसार संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए।  राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की तहसीलवार स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके न्यायालयों में एक से दो वर्ष की अवधि से लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करे।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की शुद्धता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्रोतों की नियमित जांच, आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा खराब हैंडपंपों के शीघ्र सुधार की कार्रवाई करने को कहा। वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल स्रोतों की स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अपर मुख्य सचिव खाद्य कि अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक की तैयारियों की समीक्षा की।  

अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा प्रभारी रीवा संभाग श्रीमती रश्मि अरुण शमी की अध्यक्षता में 20 अगस्त को रीवा में संभागीय बैठक आयोजित की गई है।  निर्धारित एजेण्डा बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अद्यतन जानकारी  रखें तथा निर्धारित बिंदुओं का पालन प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में निरंतर निगरानी रखें तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विंध्य की बेहतरीन खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से click here

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now