अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “महिला विशेष कार्यशाला” का आयोजन

रीवा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय रीवा द्वारा होटल सेलिब्रेशन में एक गरिमामय “महिला विशेष कार्यशाला” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ रीवा शहर की सम्मानित महिला ग्राहकों को सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और वित्तीय जागरूकता के विषय में प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर रीवा श्रीमती सपना त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीलम राय, प्राध्यापिका एवं कवयित्री आरती त्रिपाठी, क्षेत्र प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक अजय खरे तथा उपक्षेत्र प्रमुख मोहम्मद इब्राहीम उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत बैंक के अधिकारियों द्वारा पौधा प्रदान कर किया गया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि आज के समय में महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वे प्रशासन, बैंकिंग, शिक्षा, विज्ञान और उद्यमिता जैसे प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तब संभव होती है जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और निर्णय-प्रक्रिया में सहभागिता मिले। महिलाओं की प्रगति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का आधार है। जब एक महिला शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनती है, तब वह केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बैंकिंग जैसे क्षेत्र में कार्यरत महिलाएं आर्थिक सशक्तिकरण की सशक्त प्रतिनिधि हैं और वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा बन सकती हैं। वित्तीय साक्षरता और आत्मनिर्भरता महिलाओं को मजबूत बनाती है तथा बैंकिंग संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे महिलाओं को सुरक्षित और सहज बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक अजय खरे ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रहा है। बैंक महिलाओं को उद्यमिता, स्वरोजगार और वित्तीय समावेशन से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकें। इस अवसर पर प्रतिभागियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखते हुए एक मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपक्षेत्र प्रमुख मोहम्मद इब्राहीम ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now