रीवा। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि एचपीवी टीका महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने का सबसे सुरक्षित उपाय है। महिलाओं में होने वाले कैंसर में सबसे अधिक सर्वाइकल कैंसर ही होता है। शासन द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को नि:शुल्क टीके लगाए जा रहे हैं। इसके लिए जिले भर में शुरू किए गए विशेष अभियान में एक माह में सभी किशोरियों को कैंसर से बचाव के टीके लगाएं। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित और कैंसर से बचाव के लिए कारगर है। सभी अभिभावक अपनी बेटियों को कैंसर से बचाने के लिए यह टीका अवश्य लगवाएं। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग मिलकर सभी चिन्हित किशोरियों को टीका लगवाएं। जिला शिक्षा अधिकारी स्कूल के अभिलेखों के आधार पर 14 और 15 वर्ष की किशोरियों की सूची बनाकर उन्हें निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में टीके लगवाएं।
कलेक्टर ने कहा कि कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी टीका बहुत कारगर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टीका लगाने के लिए सभी टीकाकरण केन्द्रों में प्रिशिक्षित चिकित्साकर्मी तैनात करें। वैक्सीन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्था करें। किशोरियों तथा उनके माता-पिता को वैक्सीन के पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर होने के संबंध में समझाइश दें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी चिन्हित किशोरियों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीएम तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को उपलब्ध कराएं। अभियान के दौरान कोई भी चिन्हित किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लिए मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सेमरिया में सेंटर बनाए गए हैं। समग्र पोर्टल के आधार पर 14 और 15 वर्ष की किशोरियों की सूची बनाई गई है। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। टीका लगने के बाद कभी-कभी हल्के बुखार की समस्या होती है। इसे चिकित्सक के परामर्श से एक-दो गोलियाँ लेकर ही ठीक किया जा सकता है। सभी किशोरियाँ नाश्ता अथवा भोजन करके ही टीके लगवाएं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किशोरियों को टीकाकरण के लिए मोबिलाइज किया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर आरके सिन्हा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



