न हेलमेट, न सेफ्टी बेल्ट और न ही सुरक्षा जाल की व्यवस्था बावजूद पुताई के लिए किसने दी स्वीकृति ? मामला रीवा जिले के सिविल अस्पताल त्योंथर का है। जहां सालों से निर्माण कार्य जारी है लेकिन सुरक्षा मानकों पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया। जिसके परिणाम स्वरूप आज एक श्रमिक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबकि सिविल अस्पताल त्योंथर में चल रहे पुताई कार्य के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया की तीन मंजिल ऊंचाई पर काम कर रहे एक श्रमिक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। जिससे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ठेकेदार द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों से ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। न तो हेलमेट, न सेफ्टी बेल्ट और न ही सुरक्षा जाल की व्यवस्था की गई थी। मजदूरों का आरोप है कि कई बार सुरक्षा किट की मांग की गई, लेकिन ठेकेदार ने इसे नजरअंदाज किया। घटना के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरकारी भवन में कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होते तो यह हादसा टल सकता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्रीय नागरिकों ने दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई, मृतक परिवार को उचित मुआवजा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में गुस्से का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।



