कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी आवेदकों से फोन के माध्यम से संपर्क कर सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण करें इसमें 100 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। ई आफिस के माध्यम से ही फाइल तैयार कर प्रस्तुत करें। इस संबंध में किसी भी तरह की कठिनाई होने पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से संपर्क करके उसका निराकरण कराएं। सभी रिपोर्ट और पत्र भी ई आफिस के माध्यम से ही प्रेषित करें। कलेक्टर ने कहा कि सेवा पखवाड़े में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसकी सघन मानीटरिंग करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत सभी अस्पतालों में 2 अक्टूबर तक शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और जाँच सुनिश्चित करें। गंभीर एनिमिक महिलाओं के समुचित उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा पखवाड़े में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाएं। कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी साफ-सफाई तथा स्वच्छता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करें। ग्राम गड़रा में 26 सितम्बर को वृहद स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जनपद के सीईओ शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करें। सेवा पखवाड़े में सभी शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण सरंक्षण स्वच्छता एवं नशामुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में पौधे रोपित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि 7 और 8 अक्टूबर को कलेक्टर कान्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इसके एजेण्डा बिन्दुओं से संबंधित जानकारी सभी संबंधित अधिकारी तीन दिवस में उपलब्ध करा दें। बैठक में कलेक्टर ने रोजगार मेले की तैयारियों, पेयजल व्यवस्था, धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन तथा खाद के वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, एसडीएम राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर पीके द्विवेदी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




