मऊगंज जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस पखवाड़े की मुख्य थीम स्वच्छोत्सव तय की गई है। इस संबंध में कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने बताया कि पखवाड़े का शुभारंभ 17 सितम्बर को किया जाएगा। इस दिन जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा जल संरचनाओं में सामूहिक रूप से स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ-साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में भी विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी। इसी दिन से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान भी शुरू हो रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग सभी अस्पतालों में महिलाओं के नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच के शिविर लगाएगा। अभियान के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन करके उनके स्वास्थ्य की जाँच की जाएगी। अभियान के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आवश्यक प्रबंध करें।
कलेक्टर ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के लिए अपर कलेक्टर मऊगंज पीके पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के दौरान 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सभी अस्पतालों में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री जी के लाइव प्रसारण की भ्ज्ञी व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान वृक्षारोपण, नमो मैराथन, नशामुक्ति अभियान दिव्यांगजनों की जाँच के लिए नि:शुल्क शिविर, स्वच्छता हेतु 2 अक्टूबर को श्रमदान तथा महिला स्वसहायता समूहों के उत्पादों तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा सप्ताह के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों का आयोजन करेगा। अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सभी सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा जल संरचनाओं की साफ-सफाई का अभियान भी चलाया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि जनजातीय कार्य विभाग 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आदि कर्मयोगी अभियान चलाएगा। अनुसूचित जनजाति के हर पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिया जाएगा। प्रत्येक ग्राम में आदि सेवा केन्द्र की स्थापना की जाएगी। आदि कर्मयोगी अभिायान के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। वन विभाग 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पर्व अभियान चलाएगा। इस अवधि में नदी पुनर्जीवन, नमो पार्क तथा नमो उपवन की स्थापना एवं बांस मिशन को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियाँ की जाएंगी। सभी संबंधित अधिकारी शासन के निर्देशों के अनुरूप स्वच्छता ही सेवा अभियान के कार्यक्रम आयोजित करें तथा प्रतिदिन पोर्टल पर जानकारी अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं।




