प्रकरणों का निराकरण कर सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में सुधार करें – कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। संबंधित अधिकारी विशेष प्रयास करके प्रकरणों का निराकरण कर प्रतिवेदन दर्ज करें। अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का स्वयं अध्ययन कर उनमें तथ्यपूर्ण रिपोर्ट दर्ज कराएं। प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें। इस माह की ग्रेडिंग में विभाग यदि सी और डी श्रेणी में रहेगा तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। बिना उचित कारण के प्रकरण अन्य विभाग को ट्रांसफर करने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, श्रम विभाग, खाद्य विभाग तथा पीएचई विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। कार्यालय प्रमुख इनके निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें। श्रम विभाग द्वारा संबल योजना में पंजीकृत तथा पोर्टल से हटाए गए हितग्राहियों की सूची जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को दी गई है। सूची में ई केवाईसी सत्यापन कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सामाजिक न्याय विभाग से पेंशन प्राप्त कर रहे हितग्राहियों में से भी 94 प्रतिशत से अधिक का सत्यापन किया जा चुका है। शेष हितग्राहियों का ई केवाईसी कराकर शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा करें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 19 सितम्बर को मुख्यमंत्री जी का त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में दौरा प्रस्तावित है। मुख्य कार्यक्रम चाकघाट कृषि उपज मण्डी में आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी मुख्यमंत्री जी के दौरे के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। उप संचालक कृषि तथा जिला महाप्रबंधक सहकारी बैंक खाद के उठाव और वितरण की प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिले में नियमित रूप से खाद की रैक प्राप्त हो रही हैं। किसानों को समुचित प्रबंध करके सुगमतापूर्वक खाद का वितरण कराएं। जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस अवधि में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों की जाँच के लिए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अवधि में नगरीय निकाय और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विशेष साफ-सफाई के लिए स्वच्छोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक पोषण माह मनाएगा। स्वच्छता सेवा सप्ताह में ही रक्तदान शिविर, नमो मैराथन दौड़ तथा आदि कर्मयोगी योजना के तहत ऑनलाइन प्रशिक्षण का भी आयोजन किया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारी इनके लिए आवश्यक प्रबंध करें। विभागीय समन्वय और सहयोग से शासन के निर्देशों के अनुरूप समस्त कार्यक्रम सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी न्यायालय में दर्ज प्रकरणों में समय पर जवाब-दावा दायर करें तथा अवमानना के प्रकरणों में तत्काल कार्यवाही कर प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत कर दें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में तत्परता से कार्यवाही करने के लिए बनाए गए ई डॉर पोर्टल पर रीवा नगर निगम क्षेत्र और जिले की सभी सड़कों की जानकारी अपलोड कराएं। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के निर्देशों की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now