विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी जा रही उन्नत खेती की जानकारी

जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर कृषि विभाग के अधिकारी तथा कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत खेती की जानकारी दे रहे हैं। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड के लोहदवार तथा रौरा में आयोजित शिविर में किसानों को डॉ चन्द्रजीत सिंह कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को धान की उन्नत किस्म तथा बीजोउपचार की जानकारी दी। किसानों को बताया गया कि फसल बीमा योजना नाममात्र के प्रीमियम पर की जाती है। किसान की फसल हमेशा खुले में रहती है। उसे सदैव विभिन्न तरह के प्राकृतिक प्रकोपों का सामना करना पड़ता है। प्राकृतिक प्रकोपों से फसलों को हानि होने पर किसान को बीमा सुरक्षा का लाभ मिलता है। इसलिए हर किसान अपनी फसल का बीमा अवश्य कराएं। शिविर में 82 किसान उपस्थित रहे।

अभियान के तहत विकासखण्ड जवा के ग्राम इटमा में आयोजित शिविर में किसानों को कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बताया गया कि किसान शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर गौपालन करें। इसके माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। खेत तालाब में यदि आठ-नौ माह तक पानी रहता है तो उसमें कम अवधि की मछलियों का पालन किया जा सकता है। बकरी पालन तथा मुर्गी पालन के लिए भी शासन की योजनाओं से किसानों को सहयोग किया जाता है। विकासखण्ड गंगेव में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान में जनपद सदस्य रामबहोर कोरी तथा सरपंच ममता अजय शुक्ला ने भागीदारी निभाई। शिविर में 104 किसानों की सहभागिता रही। शिविर में कृषि वैज्ञानिक एके पटेल, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी शिवशरण सरल तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में प्राकृतिक खेती मिशन, उन्नत कृषि उपकरणों तथा उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में सरपंच ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आम के पौधे रोपित किए। सभी किसानों को कम से कम पाँच पेड़ रोपित करने का संकल्प दिलाया गया।

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now