उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मेडिकल कालेज से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय में आयोजित समारोह में चिकित्सालय में नव नियुक्त पैरा-मेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पैरा मेडिकल स्टाफ का योगदान स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार उनके सम्मान और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों के लिए प्रतिबद्ध है। इस समारोह में हम उन योद्धाओं को सम्मानित कर रहे हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाते हैं। यह नियुक्ति पत्र सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आपके जीवन में एक नई जिम्मेदारी का प्रतीक है। पैरा मेडिकल स्टाफ कर्तव्यों का पालन करते हुए मरीजों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है, जिससे पूरे समाज को लाभ होता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। पैरा मेडिकल स्टाफ का योगदान स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सशक्त बनाने में बहुत ही अहम है। उनकी मेहनत और समर्पण से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आ रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने समारोह में 21 पैरा मेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सभी नव नियुक्त कर्मचारियों को उनके नए कार्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि वे अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
समारोह में अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने नव नियुक्त पैरा मेडिकल स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी अस्पताल के कार्यों को बेहतर करने में अपना योगदान दें। समारोह में अधीक्षक संजय गांधी अस्पताल डॉ. राहुल मिश्रा, डॉ. प्रियक शर्मा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह, डॉ. व्ही.डी. त्रिपाठी, डॉ. एस.के. त्रिपाठी, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. रोहन द्विवेदी, डॉ. अविनाश शुक्ला, डॉ. विजय शुक्ला, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. नितिन पाण्डेय, डॉ. अभिताभ द्विवेदी, डॉ. रेणु पटेल, डॉ. नीरज कुमार पटेल, डॉ. आदित्य राय, डॉ. प्रीतम सिंह एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।