असफलता आखिरी मुकाम नहीं, निराश नहीं हों – कलेक्टर

माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी परीक्षा वर्ष 2025 के परिणामों के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा और हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणाम की प्रदेश स्तरीय प्रवीण्य सूची में सतना जिले के छात्र-छात्राओं द्वारा अपना नाम दर्ज कराकर जिले का नाम रोशन करने के लिए कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को सफलता के लिए बधाई और शुभकामनायें दी है। कलेक्टर ने अपने जिले के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को दिये गये संदेश में कहा है कि बोर्ड परीक्षा के परिणामों में कुछ विद्यार्थियों के परिणाम उनकी अपेक्षा के अनुकूल नहीं आए है। ऐसे विद्यार्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। ये कोई आखिरी मुकाम नहीं है और भी बेहतर करने के अवसर आगे आयेंगे। कलेक्टर ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों पर रिजल्ट को लेकर दबाव न दें, बल्कि उन्हें और बेहतर करने का हौसला दें।

मण्डल द्वारा इस वर्ष से पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। ऐसे छात्र जो मण्डल की प्रथम परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुपस्थित/अनुत्तीर्ण रहे हो द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे और ऐसे परीक्षार्थी जो किसी विषय में उत्तीर्ण हो गए हो, वे भी अंक सुधार हेतु द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। परीक्षार्थियों का प्रथम एवं द्वितीय अवसर में से जो भी श्रेष्ठ परिणाम होगा, वह अंतिम रूप से मान्य होगा। प्रायोगिक विषयों में किसी छात्र को प्रायोगिक एवं आंतरिक परीक्षा के केवल अनुत्तीर्ण भाग में सम्मिलित होने की पात्रता होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु आनलाईन आवेदन 7 मई 2025 से 21 मई 2025 रात 12 बजे तक एमपी आनलाइन पोर्टल के माध्यम से भरे जा सकेंगे। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा की अंकसूची जारी नहीं की जायेगी। द्विवतीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों की मूल अंकसूची जारी होने तक डिजी लॉकर के माध्यम से अपनी अंकसूची की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकते हैं। द्वितीय अवसर का परीक्षा फल घोषित होने पर ऐसे परीक्षार्थियों को अंकसूची जारी की जायेगी। हाईस्कूल द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन 17 जून से 26 जून 2025 तक तथा हायर सेकेण्डरी द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन 17 जून से 5 जुलाई 2025 तक किया जायेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now