विधानसभा निर्वाचन : मतदान के लिए मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम का वितरण

विधानसभा निर्वाचन 2023 में रीवा तथा मऊगंज जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 17 नवम्बर को कराया जाएगा। मतदान के लिए मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम का वितरण शासकीय इंजीनियरिंग कालेज रीवा से किया जाएगा। यहाँ से मतदान दल 16 नवम्बर को प्रात: निर्धारित वाहनों से गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे। मतदान के बाद ईव्हीएम एवं मतदान सामग्री पुन: इंजीनियरिंग कालेज में बनाए गए विशेष कक्षों में जमा की जाएगी। इंजीनियरिंग कालेज में ही सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 3 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे से होगी। निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात प्रेक्षक श्री अभय सिंह, प्रेक्षक श्री सुहास कृष्ण दिवासे तथा प्रेक्षक श्री विनीत कुमार ने मतदान सामग्री वितरण स्थल एवं मतगणना केन्द्रों का निरीक्षण किया।

 मतदान सामग्री वितरण की नोडल अधिकारी आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने सामग्री वितरण एवं मतगणना के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामग्री वितरण के लिए विधानसभावार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। यदि प्राप्त सामग्री में कुछ कमी है तो उसकी पूर्ति के लिए अलग से एक काउंटर बनाया गया है। मतदान संपन्न होने के बाद मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम को जमा करने के लिए विधानसभावार व्यवस्था की गई है। मतगणना केन्द्रों के नजदीक ही स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं जिनमें ईव्हीएम संधारित रहेंगी। प्रत्येक मतगणना केन्द्र में ईव्हीएम को पहुंचाने के लिए पूरी तरह से आइसोलेटेड रूट बनाया गया है। सभी स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इंजीनियरिंग कालेज परिसर में वाहनों के पार्किंग की भी विधानसभावार व्यवस्था की गई है। दूर के दलों को पहले भेजा जाएगा। आसपास के दलों को अंत में भेजा जाएगा। सभी मतदान कर्मी और सुरक्षाकर्मी निर्धारित वाहन से ही प्रस्थान करेंगे। सेक्टर आफीसर मतदान दलों के साथ जाएंगे तथा उनके मतदान केन्द्र में पहुंचने की रिपोर्ट देंगे। प्रेक्षकों ने सभी मतगणना कक्षों तथा सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर तथा सभी रिटर्निंग आफीसर उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now