टाटा एनर्जी जिले में 28 हजार करोड़ का करेगी निवेश – उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि टाटा एनर्जी रीवा जिले में ऊर्जा की बड़ी परियोजना शुरू करने जा रही है। टाटा एनर्जी 28 हजार करोड़ रुपए निवेश करके पावर प्लांट स्थापित करने जा रही है। इस प्लांट से एक हजार मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा। इससे क्लीन और ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ पाँच हजार से अधिक व्यक्तियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। परियोजना के लिए आवश्यक जमीनें चिन्हित कर ली गई हैं। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम 169 हेक्टेयर जमीन टाटा एनर्जी को आवंटित कर रहा है। शेष जमीनों का अधिग्रहण करके टाटा एनर्जी को उपलब्ध कराएं, जिससे परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। सोलर एनर्जी के बाद यह रीवा जिले के लिए दूसरी बड़ी उपलब्धि होगी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में अधोसंरचना का विकास तेजी से हुआ है। इसका लाभ अब जिले को मिलने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन योदव की विशेष पहल पर रीवा में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कई क्षेत्रों के उद्योगपति रीवा में निवेश के इच्छुक हैं। एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे लाइन और पानी की उपलब्धता से निवेश को प्रोत्साहन मिल रहा है। टाटा एनर्जी की परियोजना से जिले के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी समन्वय से प्रयास करें। बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि परियोजना के लिए आवश्यक जमीनें तय समय सीमा में टाटा एनर्जी को उपलब्ध करा दी जाएंगी। निजी जमीनों को टाटा एनर्जी स्वयं प्राप्त करेगी। प्रशासनिक स्तर पर पूरा सहयोग किया जा रहा है।

सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से केवल 30 मिनट की दूरी पर मैहर जिले में अमझर में 170 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। एमपीआईडीसी के अधिकारी इसमें निवेश के लिए केन्द्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य योजना) के तहत प्रस्ताव बनाएं। बैठक में एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक यूके तिवारी ने बताया कि अमझर में औद्योगिक पार्क में 50 से अधिक औद्योगिक इकाईयाँ स्थापित की जाएंगी। औद्योगिक केन्द्र के लिए अतिरिक्त भूमि की भी तलाश की जा रही है। बैठक में सीसीएफ राजेश राय ने कहा कि वन भूमि में अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने पर समय सीमा में अनुमति जारी कर दी जाएगी। बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जिले में निवेश करने वाले उद्यमियों को हर संभव सहायता दी जाएगी। जिले के औद्योगिक विकास में तेजी के लिए निवेश आवश्यक है। अमझर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क का लाभ भी रीवा जिले को मिलेगा। बैठक में टाटा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित परियोजना की विस्तार से जानकारी दी। टाटा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिल रहे सहयोग की प्रशंसा की। बैठक में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी नितिन पटेल तथा टाटा एनर्जी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now