मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 7 सितम्बर को मऊगंज जिले के बहुती एवं देवतालाब में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम स्थल बहुती जलप्रपात का भ्रमण, कॉलेज स्टेडियम परिसर, देवतालाब में शासकीय कार्यों का लोकार्पण, नवीन कार्यों का भूमिपूजन एवं आम जनसभा को संबोधित किया जाना है। जिसमे सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजय कुमार जैन ने बिना पूर्व आधिकारिक मंजूरी के किसी भी ड्रोन, गुब्बारे, मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) या अन्य उपकरणों को कार्यक्रम स्थल के आसपास उड़ाने पर प्रतिबन्ध लगाया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, जिला मऊगंज, द्वारा लोकहित में तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने की दृष्टि से 7 सितंबर को सुबह 6 बजे से 24 घन्टे की अवधि तक के लिए जिला मऊगंज के अनुभाग मऊगंज अंतर्गत बहुती जलप्रपात कार्यक्रम स्थल के हेलीपैड, शिव मंदिर देवतालाब तथा कॉलेज स्टेडियम देवतालाब कार्यक्रम स्थल के हेलीपैड, शिवमंदिर मार्ग के दोनों ओर तरफ, 3 किमी की परिधि में ड्रोन, गुब्बारे, पैराग्लाइडर, फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट, मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) या अन्य उपकरण या डिवाइसेस जो उड़ने/उड़ाने वाली प्रकृति में सम्मिलित हैं, को प्रतिबंधित किया गया है। कॉमर्सियल फ्लाइट्स इस प्रतिबंधात्मक आदेश के पालन से मुक्त रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उक्त आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर दोषी व्यक्ति/संस्था के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




