मतदान के दौरान बनाये कानून से भाग खड़ा हुआ निर्वाचन आयोग, उलंघन पर बना भींगी बिल्ली

मतदान की गोपनीयता भंग करने के मामले में शिकायत नस्तीबद्धसोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो की इलेक्शन कमीशन से हुई थी शिकायत

शिवानंद द्विवेदी, रीवा। विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की शिकायत को जिला निर्वाचन कार्यालय ने नस्तीबद्ध कर दिया है। बीते 17 नवंबर को जिले भर में हुए मतदान के दौरान कई लोगों ने मतदान कक्ष के भीतर के फोटो और वीडियो वायरल किए थे। इसमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने वोटिंग करते समय ईवीएम की फोटो भी वायरल किया है। सोशल मीडिया पर अधिकांश ऐसी पोस्ट अब भी मौजूद है। इन पोस्ट पर सामाजिक और RTI कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया से शिकायत की थी। जिसमें आचार संहिता के उन बिन्दुओं का हवाला देते हुए कहा था कि मतदान केन्द्र के भीतर किसी तरह का मोबाइल और कैमरा प्रतिबंधित किया गया था। इसके बावजूद कई जिम्मेदार लोगों ने अपने फोटो और वीडियो वायरल किए।

यह शिकायत इलेक्शन कमीशन के पोर्टल पर पंजीबद्ध की गई और जिला निर्वाचन कार्यालय से जवाब मांगा गया था। कई दिनों के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जवाब भेजा गया है, साथ ही शिकायतकर्ता को भी जानकारी दी गई है कि शिकायत को नस्तीबद्ध किया जा रहा है। शिकायत बंद किए जाने का कारण बताया गया है कि जो फोटो शिकायत के साथ दिए गए थे उनका अवलोकन किया गया है। इसमें यह स्पष्ट नहीं है कि यह कब के और किस स्थान के हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय के इस तर्क का शिकायतकर्ता ने विरोध किया है और फिर से आयोग को शिकायत भेजी है। जिसमें कहा गया है कि कई ऐसे लोगों के भी फोटो वायरल हुए हैं जो वर्तमान में महत्वपूर्ण पदों पर रीवा में ही हैं। साथ ही जिन सोशल मीडिया एकाउंट से यह वायरल हुए हैं उसमें पोस्ट करने की तारीख का भी उल्लेख है। आरोप है कि बिना किसी तरह की जांच के ही शिकायत को बंद कर दिया गया है। जबकि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इसी तरह से फोटो वायरल होने पर संबंधितों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now