जिले के 13 खरीदी केन्द्रों में धान की खरीद पूरी

किसान अंतिम तिथि की प्रतिक्षा किये बिना तत्काल दें धान – कलेक्टर

रीवा, मप्र। जिले के 123 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य धान का उपार्जन किया जा रहा था। इसकी अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित है। जिले के 13 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत सभी किसानों से धान का उपार्जन किया जा चुका है। इनमें धान की आवक बंद हो गयी है। कलेक्टर मनोज पुष्प ने इस संबंध में बताया कि तहसील नईगढ़ी में खरीदी केन्द्र जोधपुर ईटहा, खर्रा, चिल्ल, बधावा तथा बदराव एवं मनगवां तहसील में खरीदी केन्द्र गंगेव में उपार्जन हो चुका है। रायपुर कर्चुलियान तहसील में डेल्ही, रघुराजगढ़, तहसील हुजूर में खौर, तहसील सेमरिया में सेमरिया मण्डी तथा पुरवा एवं तहसील सिरमौर में खरीदी केन्द्र तिलखन, सिरमौर, खैरहन में खरीदी पूरी हो गयी है। इन खरीदी केन्द्रों में स्लाट बुकिंग एवं धान की खरीद बंद कर दी गयी है।

कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी के लिए 15 जनवरी की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। अब तक जिन पंजीकृत किसानों ने धान नहीं दी है वे अंतिम तिथि की प्रतिक्षा किये बिना आगामी दो दिवसों में अपनी धान का उपार्जन करायें। जिससे 15 जनवरी तक धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी की जा सके। जिन किसानों ने स्लॉट बुक कर लिये हैं वे भी अपनी धान तत्काल खरीदी केन्द्रों में ले जाकर उपार्जन करायें। कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम, महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक तथा जिला प्रबंधक वेयर हाउस को धान खरीदी के संबंध में समस्त कार्यवाहियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि परिवहनकर्ता खरीदी केन्द्रों में शेष बचे वारदानों का भी उठाव करके उसे नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय को सौंपे।

यूट्यूब चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें

आपके सुझाव और शिकायत का स्वागत है, खबर देने या विज्ञापन के लिए संपर्क करें – +91 9294525160

Leave a Comment

और पढ़ें
error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now