कम पानी में बंपर उत्पादन वाली फसलों को बढ़ावा दें, रीवा में मटर का रकबा बढ़ाएं: कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता

कृषि उत्पादन आयुक्त श्री के.सी. गुप्ता ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग की खरीफ 2026 की समीक्षा और रबी 2026-27 की तैयारी की समीक्षा की।बैठक में उन्होंने कहा कि इस वर्ष पानी और मॉइश्चर की कमी है, इसलिए किसानों को कम पानी में बंपर उत्पादन देने वाली फसलों की वैरायटी के लिए प्रोत्साहित किया जाए। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को इसकी जानकारी दें।

मुख्य निर्देश – एक नजर में:
1. रबी की तैयारी:
परंपरागत फसल के साथ व्यावसायिक फसलों को बढ़ावा दें। रीवा कलेक्टर को निर्देश – जिले में मटर का रकबा बढ़ाएं, PD आत्मा का सहयोग लें। मऊगंज और मैहर जैसे नए जिलों में भी रीवा-सतना का अमला सहयोग करेगा।

2. बीज-खाद: किसानों को प्रमाणित बीज ही दें। NPK और DAP की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, होलसेल यूरिया सभी समितियों तक पहुंचे। अधिक यूरिया उठाने वाले किसानों का सत्यापन हो। बीज की डिमांड अभी से भेजें ताकि समय पर आपूर्ति हो।

3. सिंचाई और नरवाई: धीरे-धीरे प्रेशराइज्ड पाइपलाइन सिंचाई की ओर बढ़ें, ब्लॉक से जिला स्तर तक माइक्रो प्लानिंग बनाएं। नरवाई जलाने पर सख्त अंकुश लगाएं। हार्वेस्टर में कटर लगाना अनिवार्य करें, कस्टम हायरिंग सेंटर में कटर किराए पर उपलब्ध कराएं। कस्टम हायरिंग सेंटर से सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, बेलर जैसी उन्नत मशीनें किसानों को मिलेंगी।

4. फसल बीमा और मंडी: फसल बीमा योजना की शिकायतों पर कलेक्टर, बीमा कंपनी और किसान संगठनों की संयुक्त बैठक कर समाधान कराएं। सभी मंडियों में बैठने, पेयजल, छाया, उपज रखने और ATM की सुविधा अनिवार्य। मंडी में एंट्री-एग्जिट का समय कम करें।

5. सहकारिता और पैक्स: पैक्स समितियां पेट्रोल पंप, सुपरमार्केट, शादी हॉल, धर्म कांटा, वेयरहाउस जैसे नए व्यवसाय शुरू कर आय बढ़ाएं। सहकारी बैंक ऋण वसूली में सख्ती करें, डिपॉजिट बढ़ाएं। सभी दुग्ध समितियों के खाते सहकारी बैंक में खुलवाएं।

6. उद्यानिकी, डेयरी, मत्स्य: छोटे-छोटे क्लस्टर बनाकर उद्यानिकी बढ़ाएं। रीवा-मऊगंज में आम, सीधी-सिंगरौली-सतना में सब्जी, मैहर में कट फ्लावर क्लस्टर।रीवा में अभी 17% भूमि पर उद्यानिकी है, रकबा और बढ़ाएं। दुग्ध संकलन को 10 लाख लीटर से बढ़ाकर 50 लाख लीटर करने का लक्ष्य। सभी पंचायतों में दुग्ध समिति और मिल्क रूट बनाएं।मैहर की प्रदेश की सबसे बड़ी हैचरी पर फोकस, सभी जिलों में स्मार्ट फिश पार्लर जल्द पूरे करें।

बैठक में रीवा कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत CEO श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!