सेवा संकल्प अभियान के तहत रीवा विकासखण्ड के ग्राम अजगरहा में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी विशेष बस से शिविर में पहुंचे। शिविर में पहुंचने से पहले स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र और अस्पताल का निरीक्षण किया गया। पीएम श्री हायर सेकण्डरी स्कूल अजगरहा का निरीक्षण करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की किताबों के साथ-साथ लाइब्रेरी के माध्यम से अन्य उपयोगी पुस्तकों के अध्ययन की व्यवस्था करें। विद्यार्थियों के कॅरियर मार्गदर्शन के संबंध में भी व्यवस्था करें। परिसर में स्थित अनुपयोगी तथा जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराकर वहाँ नवीन स्वीकृत लैब का निर्माण तत्काल शुरू कराएं। अटल टिकरिंग लैब का निरीक्षण करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि प्राथमिक और माध्यमिक खण्ड में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। अटल टिकरिंग लैब में छोटे बच्चों के खेलने के लिए दिए गए जादुई पिटारे का उपयोग न होने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अपने सामने ही जादुई पिटारा खोलकर उससे बच्चों को खेलने के लिए खिलौने दिलाए। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य को लापरवाही पर नोटिस देने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कक्षाओं पर जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया तथा पठन-पाठन बेहतर करने के संबंध में निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी केन्द्र में बच्चों का वजन लेने के लिए डिजिटल मशीन न होने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों के वजन और लम्बाई की सही माप करके रजिस्टर में दर्ज करें। सुपरवाइजर नियमित रूप से आंगनवाड़ी केन्द्र का भ्रमण करें। उन्होंने मौके पर उपस्थित सरपंच अजगरहा को आंगनवाड़ी केन्द्र को डिजिटल मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विटामिन ए के घोल और दवाओं के वितरण के संबंध में भी निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अजगरहा का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य रूप से पंजीयन करें। पंजी में 6 हाईरिस्क गर्भवती महिलाएं दर्ज हैं। इनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी करें। गंभीर एनिमिक गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन नियमित रूप से लगाएं। हाईरिस्क महिलाओं के उपचार प्रबंधन की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। निरीक्षण के समय एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी, डिप्टी कलेक्टर अदिति जैन, सीईओ जनपद पंचायत पूनम दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





