सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत रीवा की ग्राम पंचायत अजगरहा में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजनता से मिले 168 आवेदन पत्रों में सुनवाई की गई। शिविर के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि जन विश्वास शिविर से आमजनता को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आमजनता की समस्याओं पर कार्यवाही करके उनका निराकरण किया जा रहा है। जन विश्वास शिविर के असर से महीनों से रूकी हुई फाइलें भी दौड़ने लगी हैं। कार्यालयों के निरीक्षण और आवेदनों की मौके पर सुनवाई से व्यवस्थाएं बेहतर हो रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन विश्वास शिविर के माध्यम से जन कल्याण की सराहनीय पहल की है। सांसद ने कहा कि शिविर में आमजनता केवल ऐसे कार्यों के लिए ही आवेदन दे जो वैधानिक रूप से संभव हैं। अधिकारियों को झूठी शिकायतें करके उनका मनोबल गिराने का प्रयास न करें। शिविर में रीवा संभाग के कमिश्नर ने वर्षों से लंबित कई आवेदनों का निराकरण कराया है। इन शिविरों के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री जी और प्रशासनिक अधिकारी बधाई के पात्र हैं। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की जनकल्याण की मंशा के अनुरूप कार्य करें। आमजनता आवेदन पत्रों का विधिवत पंजीयन कराकर निराकरण कराए। स्वामित्व योजना के पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप भू अधिकार पत्र के पंजीयन का लाभ दें। शिविर में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि जन विश्वास शिविर के माध्यम से आमजनता को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। अब जनता को आफिसों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का अधिकारी तत्परता से निराकरण कर रहे हैं।
कमिश्नर ने की आवेदनों में सुनवाई
कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शिविर में सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित अजगरहा क्षेत्र के आवेदन पत्रों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लंबित आवेदनों में तत्परता से सुनवाई करके उसका निराकरण करें। सभी कार्यालय प्रमुख सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर लगातार कार्यवाही करके इनका निराकरण कराएं। कमिश्नर ने आवेदन पत्रों में समय पर कार्यवाही न करने पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने तथा दो प्रकरणों में सीईओ जिला पंचायत को जाँच के निर्देश दिए।
उद्यम संवाद
शिविर में उद्यम संवाद का उद्योग विभाग द्वारा आयोजन किया गया। सफल उद्यमी अनिल सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में एमएसएमई योजना से मसाला उद्योग की दो करोड़ रुपए की लागत से स्थापना की है। इसमें उन्हें 14 लाख 65 हजार रुपए का अनुदान मिला है। उनकी इकाई से 10 लोगों को रोजगार मिल रहा है। सफल उद्यमी सीमा द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने उद्यम क्रांति योजना से वर्ष 2023 में 15 लाख रुपए का ऋण लेकर पेवर ब्लॉक बनाने की इकाई शुरू की। इकाई सफलता से चल रही है। अब तक 8 लाख रुपए की ऋण राशि जमा कर दी गई है। जिले की कई ग्राम पंचायतों में उनके द्वारा बनाए गए पेवर ब्लॉक का उपयोग किया जा रहा है। शिविर में उद्यम क्रांति योजना से अभिषेक सिंह को स्टोन क्रेशर के लिए 47 लाख 50 हजार रुपए तथा सुखलाल को किराना व्यवसाय के लिए 9 लाख 90 हजार रुपए का ऋण वितरित किया गया। विनय तिवारी को 5 लाख 50 हजार रुपए ऋण मंजूर करते हुए ट्रैक्टर की चाभी प्रदान की गई। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन तथा नामांतरण हितलाभ का वितरण किया गया। शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती संगीता यादव, सरपंच श्री भूपेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी, डिप्टी कलेक्टर अदिति जैन, सीईओ जनपद पंचायत पूनम दुबे, जिला और खण्ड स्तर के सभी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शिविर में टीआई हितेन्द्रनाथ शर्मा ने नशे के विरूद्ध अभियान तथा साइबर क्राइम से बचने के उपायों की जानकारी दी। शिविर के बाद राजस्व अधिकारियों ने पुराने जर्जर भवन को ध्वस्त कराया।





