त्योंथर। नवीन तहसील भवन में क्षेत्र के अमर शहीदों की तस्वीरें लगाने और उनकी वीरगाथा का उल्लेख करने की पहल शुरू हो गई है। इस संबंध में पंडित चंद्रशेखर युवा उत्थान संस्थान, त्योंथर के सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि नवीन तहसील भवन में क्षेत्र के अमर शहीदों की तस्वीरें सम्मानपूर्वक लगाई जाएं तथा उनके संघर्ष, बलिदान और वीरगाथा का संक्षिप्त उल्लेख किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने क्षेत्र के वीर सपूतों के योगदान से परिचित हो सकें।
प्रभारी कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्योंथर के प्रशासनिक अमले को नवीन तहसील भवन में अमर शहीदों की तस्वीरें लगाने तथा उनकी वीरगाथा का उल्लेख करने के निर्देश दिए। संस्थान की इस पहल से क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को प्रशासनिक भवन में सम्मानजनक स्थान मिलने की उम्मीद है।
जन विश्वास शिविर में छह सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
पं. चन्द्रशेखर युवा उत्थान संस्थान ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जिला सीईओ को सौंपा मांगपत्र। संस्थापक अनिकेत मिश्रा के नेतृत्व में संगठन के ज्ञापन में क्षेत्र के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों के निराकरण और सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। ज्ञापन में विधानसभा क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उचित एवं कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। साथ ही रायपुर-सोनौरी, सोहागी, त्यौंथर, कटरा, चाकघाट, गढ़ी सोहरवा सहित क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर युवाओं के लिए बड़े खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई। संस्था ने विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक तीसरी पंचायत में युवाओं के शारीरिक अभ्यास एवं दौड़ की तैयारी के लिए 1600 मीटर रनिंग ग्राउंड स्थापित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में शासकीय पुस्तकालयों की स्थापना तथा प्रत्येक विकासखंड स्तर पर पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
वहीं, नवीन तहसील भवन में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिवारजनों के लिए एक कक्ष आरक्षित करने की मांग भी रखी गई, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपनी आवश्यक कार्यवाही पूरी कर सकें। संस्था के संस्थापक अनिकेत मिश्रा ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल, शिक्षा और अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को सम्मान देना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।






