अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर जिले के अंतिम गांव पहुंचे कलेक्टर

नवागत कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी जिले में अपनी उपस्थिति देने के उपरांत प्रथम दिन ही बस में सवार होकर जिला अधिकारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में जमीनी हकीकत जानने पहुंचे। उन्होंने जवा विकासखण्ड अन्तर्गत जतरी गांव में शासन की योजनाओं से लाभांवित हो रहे हितग्राहियों से रूबरू चर्चा की तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

जतरी ग्राम में ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने अपना परिचय दिया तथा कहा कि मैं गांव में जिले के अन्य अधिकारियों के साथ आया हूँ। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को समय सीमा में मिले यह हमारी प्राथमिकता है। गांव की समस्याओं को जानने समझने व शासन के संकल्प को पूरा करने का यह सिलसिला जिले में अनवरत चलता रहेगा। जतरी गांव के निवासियों ने भी अपने गांव में पहली बार पहुंचे जिले के कलेक्टर से बेझिझक अपनी और गांव की समस्यायें बताई जिनका कलेक्टर ने निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

राजस्व विभाग अन्तर्गत सीमांकन के संबंध में कलेक्टर ने जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि शिविर लगाकर सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण करें। फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में किसानों से पूंछताछ में कलेक्टर ने कहा कि सभी इसका रजिस्ट्रेशन करायें क्योंकि योजनाओं का लाभ किसानों को इसी के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने आंगनवाड़ी भवन के समय पर खुलने तथा बच्चों की उपस्थिति की ग्रामीणजनों से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करायें। खाद की उपलब्धता से संबंध में किसानों से कलेक्टर ने कहा कि ई माध्यम से ही खाद लें तथा अपने खेतों की नरवाई कदापि न जलायें इससे बहुत नुकसान होता है तथा शासन द्वारा दण्ड का भी प्रावधान है। उन्होंने किशोरी बालिकाओं को एचपीव्ही टीका लगाकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये जागरूक किया। ग्रामीणजनों ने डॉक्टर्स की कमी की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट किया जिस पर उन्होंने कहा कि शासन स्तर से डॉक्टर्स की कमी को दूर किया जा रहा है। कलेक्टर ने एफआरए के प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश एसडीएम को दिये।

ग्रामीण विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कलेक्टर ने पीएम आवास के हितग्राहियों से चर्चा की तथा कहा कि स्वीकृत आवास तत्काल बनाना प्रारंभ करें। उन्होंने शासकीय भवनों में वाटर हार्वेÏस्टग कर जल संचय के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने ग्रामीणजनों से अपेक्षा की कि जल संरक्षण के लिये घरों में भी वाटर हार्वेÏस्टग सिस्टम बनवायें। इस दौरान बताया गया कि गांव में स्वीकृत 3 खेत तालाब में से दो का कार्य पूर्ण हो गया है। कलेक्टर ने पीएचई विभाग के अधिकारी को बिगड़े हैण्डपंप बनाने तथा जिन हैण्डपंप में जल स्तर नीचे चला गया है उनमें राइजिंग पाइप तत्काल बढ़ाये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने ग्रामीण जनों से अपेक्षा की कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिये जागरूक रहें तथा गांव व जिले के विकास में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम जवा पीयूष भट्ट, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल सहित जनपद स्तरीय अधिकारी तथा विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now