हर बसाहट में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें – प्रभारी मंत्री

कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पशुपालन एवं डेयरी विभाग की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में पेयजल के लिए कठिनाई होने लगती है। जिले की हर बसाहट में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। पूर्ण एकल नलजल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करके इनका नियमित संचालन कराएं। खराब हैण्डपंपों के सुधार के लिए अभियान चलाएं। अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल किसी भी स्थिति में ग्राम पंचायतों तथा नलजल योजनाओं के बिजली कनेक्शन न काटें। संकल्प से समाधान अभियान में जिले में अच्छा कार्य हुआ है। आमजनता से प्राप्त 48349 आवेदन पत्रों में से 47185 आवेदन पत्र मंजूर कर लिए गए हैं। अलग-अलग कारणों से 1150 आवेदन पत्र लंबित हैं। इनका दो दिवस में निराकरण कराएं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कलेक्टर जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल तथा डीजल के वितरण पर कड़ी निगरानी रखें। इनकी कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री जी की विशेष पहल पर जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए बनाई गई कार्ययोजना के अनुसार जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य कराएं। गत वर्ष के जल संरक्षण के अधूरे कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरे कराएं। जल ही जीवन का आधार है। हर व्यक्ति जल संरक्षण के कार्यों में योगदान दे। बैठक में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल तथा विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने जिले के विकास के संबंध में विभिन्न सुझाव रखे। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में प्रभारी मंत्री ने संकल्प से समाधान अभियान में जिला स्तर पर लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। लाड़ली लक्ष्मी योजना से कुमारी आकृति सेन, कुमारी आरोही गुप्ता, कुमारी रिया गुप्ता एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से श्रीमती रक्षा केशरवानी को लाभान्वित किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत खटखरी में हाट बाजार के निर्माण, ग्राम पंचायत पैकन गांव का नाम परिवर्तन करके ग्राम इटौरा किए जाने तथा ग्राम ढेरा में खेल मैदान का नामकरण स्वर्गीय कौशल प्रसाद रामदास दुबे स्मृति स्टेडियम किए जाने का अनुमोदन किया गया। बैठक में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, जिला प्रभारी शशांक श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जनपद अध्यक्ष मऊगंज नीलम सिंह, जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी ममता कुंजबिहारी तिवरी, नगर पंचायत अध्यक्ष मऊगंज बृजवाशी पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष नईगढ़ी नागिता गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता तथा नईगढ़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ राजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी तथा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now