रीवा बायपास मार्ग में बीहर नदी पर पुराने पुल के गर्डर में दरार आने और पियर कैप क्षतिग्रस्त होने के कारण आगामी 30 अप्रैल तक इससे गुजरने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस पुल से गुजरने वाले भारी वाहन अब वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे। इस संबंध में अपर जिला दण्डाधिकारी सपना त्रिपाठी ने आदेश जारी कर दिया है। पुल की स्थिति और जनमानस की सुरक्षा को देखते हुए हुए मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुपालन के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 116 के तहत मार्ग के विभिन्न हिस्सों पर स्पष्ट साइन बोर्ड और सूचनाएं प्रदर्शित करें ताकि चालकों को डायवर्जन की जानकारी मिल सके। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। वर्तमान में यह व्यवस्था वैकल्पिक और अस्थायी तौर पर की गई है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे। यह आदेश मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम संभाग रीवा के प्रतिवेदन के आधार पर जारी किया गया है।
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें
यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी जारी किया गया है। इसके तहत बेला से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को बेला से होटल शार्क इन, बीड़ा, गोदहा, सिरमौर और क्योटी होते हुए कलवारी मार्ग का उपयोग करना होगा। इसी प्रकार बेला से मिर्जापुर जाने वाले वाहनों को बेला से होटल शार्क इन, बीड़ा, गोदहा और सिरमौर होते हुए रीवा की ओर डायवर्ट किया गया है। वहीं मिर्जापुर या प्रयागराज की ओर से बेला जाने वाले वाहनों को रतहरा से सिलपरा, गोविन्दगढ़ और मुकुंदपुर होते हुए बेला भेजा जाएगा। सिलपरा और गोविन्दगढ़ वाले वैकल्पिक मार्गों पर निर्माण कार्य और सड़क की कम चौड़ाई के कारण भारी यातायात के लिए उन्हें पूरी तरह उपयुक्त नहीं माना गया है। ऐसी स्थिति में भारी वाहनों को शहर के पुराने नेशनल हाईवे-07 मार्ग से केवल रात्रि के समय निकालने की अनुमति दी गई है।
एसडीएम ने किया निरीक्षण – बीहर नदी पर पुराने पुल के गर्डर में दरार आने और पियर कैप क्षतिग्रस्त स्थल का एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी और पुलिस अधिकिारियों ने निरीक्षण किया। एसडीएम ने पुल में आई दरार का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भारी वाहनों के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू व सुरक्षित रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।




