रीवा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को की गयी गैस वितरण की जानकारी प्राप्त करते हुए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि पोर्टल के माध्यम से बुक की जा रही गैस प्राप्त करने वालों की अलग लाइन लगायें तथा भीड़ वाले एजेंसी/गोदाम/वितरण स्थल में राजस्व अधिकारी अतिरिक्त टीम लगाकर व्यवस्था बनवायें। उन्होंने वितरण स्थल में लाउडस्पीकर की व्यवस्थायें सुनिश्चित कराते हुए पीने के पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा सुगमता से गैस का वितरण किया गया। लोगों को होम डिलिवरी के माध्यम से गैस घर में पहुंचाई गयी। इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि गैस बुकिंग के लिए पोर्टल कार्य कर रहा है। सभी लोग गैस बुकिंग के लिए इस माध्यम का ही उपयोग करें।
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के निर्देश पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों व वितरण स्थल पर राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गैस सिलेण्डर का शांतिपूर्ण ढंग से वितरण कराया गया। अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बिछिया इण्डेयन एजेंसी के वितरण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। कलेक्टर के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से भी आमजनों की गैस संबंधित शिकायतों का निराकरण किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एडिशनल एसपी आरती सिंह, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, एसडीएम संजय जैन, एसडीएम सुधाकर सिंह, सीएसपी डॉ. रितु उपाध्याय, खाद्य नियंत्रक कमलेश ताण्डेकर एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।



