मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में शहरों के साथ ग्रामीण स्तर तक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के सभी कार्य प्राथमिकता से किये जा रहे हैं। वर्ष 2003 से पूर्व जहां प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे। मुख्यमंत्री ने श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय में 350 करोड़ रूपये की लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा के श्यामशाह मेडिकल कॉलेज अन्तर्गत स्थापित अस्पतालों तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 2440 बेड हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि कैंसर यूनिट की स्थापना हो जाने से विन्ध्य अंचल के लोगों को कैंसर के इलाज के लिये बाहर नहीं जाना पड़ेगा उन्हें कैंसर की जांच के साथ ही बेहतर से बेहतर इलाज मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब वर्ग के लोगों व जरूरतमंदों को सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिये एयर एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की जिसकी बड़ी संख्या में मरीज लाभ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और विविधता के देश को प्रधानमंत्री जी लगातार आगे ले जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। डॉ. यादव ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व रीवा के विधायक राजेन्द्र शुक्ल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह रीवा एवं विन्ध्य को लगातार विकास के क्षेत्र में आगे ले जा रहे हैं। वह 24 घंटे क्षेत्र के विकास में अपनी जागरूक भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं इसी का परिणाम है कि रीवा व विन्ध्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज का दिन रीवा के लिये सौगात का दिन है। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों के लिये 350 करोड़ रूपये के कार्यों से पुराने अस्पताल भवन, डॉक्टर्स क्वार्टस तथा अन्य आवश्यक कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रीवा में पहले सिर्फ 60 मेडिकल की सीटें थी तथा इसका काफी पुराना भवन हो गया था अब एमबीबीएस की सीटों के बढ़ाने के साथ ही नवीन कार्य व उपकरण बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये सौगात होंगे। उन्होंने कहा कि 200 विस्तर का कैंसर अस्पताल के बन जाने से जांच के साथ उपचार की सुविधा मिलने लगेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों के नवीनीकरण कार्यों के लिये मुख्यमंत्री जी द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में रीवा व विन्ध्य में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के सभी कार्य प्राथमिकता से किये जायेंगे। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य के मामले में कायाकल्प का दिन है। कैंसर यूनिट की स्थापना विन्ध्य वासियों के लिये सौगात होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश व प्रदेश में मेडिकल कालेजों की स्थापना की जा रही है ताकि अधिक से अधिक चिकित्सक मिलें और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मुहैया हो सकें। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी का ब्राहमाकुमारी संस्थान रीवा द्वारा दिव्य गुणों की माला पहनाई गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षदगण, डीन मेडिकल कालेज डॉ. सुनील अग्रवाल सहित चिकित्सक, स्थानीय जन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश भवन विकास निगम द्वारा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज परिसर में नवीन चिकित्सा एवं आवासीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। जिनकी कुल परियोजना लागत 321.94 करोड एवं कुल क्षेत्रफल 1,17,000 वर्गमीटर है तथा इस परियोजना को पूर्ण करने हेतु 03 वर्षों का समय निर्धारित है। इस परियोजना के अंतर्गत 740 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु हॉस्पिटल, सर्व सुविधा युक्त 250 बिस्तरीय कैंसर युनिट, 200 बिस्तरीय ओपीडी ब्लॉक, नर्सिंग कॉलेज, नसिंग हॉस्टल तथा डॉक्टर एवं स्टाफ हेतु विभिन्न आवासीय भवनों का निर्माण किया जाना है एवं इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग तथा समस्त कैम्पस का सौंदर्गीकरण किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही 25 करोड़ रूपये की लागत के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विस्तारीकरण कार्य का भी भूमिपूजन हुआ।





1 thought on “आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे – मुख्यमंत्री”
मुलताई में कुछ बैंक, कुछ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बिना पार्किंग के संचालित हो रहे हैं, तथा कुछ लोगों ने पार्किंग के लिए जगह बहुत कम दी है। जो वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त नहीं है। इससे ग्राहको को वाहन खड़े करने में बहुत परेशानी होती है। आखिर बिना पार्किंग के बैंक कैसे संचालित हो रहे हैं। ये तो नियमों का उल्लघंन हो रहा है। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कई बार दुर्घटना तक हो जाती है। सरकारी जमीन पर वाहन खड़े हो रहे हैं । जबकि जिस भवन मे बैंक संचालित होती है उसकी स्वयं की पार्किंग होना जरूरी है। मुलताई में संचालित सभी बैंकों की पार्किंग व्यवस्था की जांच होना चाहिए।
कुछ बेसमेंट बिना अनुमति के बने हैं। कुछ व्यावसायिक भवनों के नक्शे बिना पार्किंग दिए पास हुए हैं। कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर पक्का अतिक्रमण कर लिया है। जांच होना चाहिए।
नाम – रवि खवसे
शहर – मुलताई
जिला – बैतूल
राज्य – मध्यप्रदेश