प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की रैंकिंग सुधारें – कलेक्टर

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। कोई भी विभाग रैंकिंग में बी श्रेणी से नीचे न रहे। लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की रैंकिंग में सुधार करें। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। सभी एसडीएम और तहसीलदार आगामी दो दिवस में तहसील स्तर पर शिविर लगाकर सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कराएं। जिला आपूर्ति अधिकारी तथा अधीक्षण यंत्री ऊर्जा विशेष प्रयास करके विभाग की रैंकिंग सुधारें। शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, नगरीय विकास विभाग तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। सभी एसडीएम मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में पात्र पाए गए मतदाताओं का सत्यापन कराएं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है उनके दस्तावेज लेकर सत्यापन कराएं। यह कार्य हर हाल में 22 जनवरी तक पूरा करें।

सटीक और सत्य खबरों के लिए ज्वाइन करें चैनल

कलेक्टर ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। लापरवाही बरतने पर बीईओ रीवा और जवा को नोटिस दें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भी विकासखण्डवार तथा सेक्टरवार प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ी संख्या में प्रकरणों के लंबित रहने से जिले की रैंकिंग में असर पड़ रहा है। सभी कार्यालय प्रमुख व्यक्तिगत रूचि लेकर प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण कराएं। कलेक्टर ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों को ऑनलाइन दर्ज कराएं। विकासखण्ड स्तर पर प्रकरणों का निराकरण करते हुए जानकारी अपलोड कराएं। जो प्रकरण शेष बचते हैं उन्हें सात दिन की समय सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजें। जवा, सिरमौर तथा त्योंथर में आवेदन पत्रों की संख्या कम है। घर-घर जाकर हर पात्र हितग्राही से आवेदन पत्र अनिवार्य रूप से भरवाएं।

कलेक्टर ने कहा कि धान उपार्जन लगभग समाप्त हो गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी खरीदी केन्द्रों में उपार्जित धान का आगामी चार दिवसों में परिवहन कराकर सुरक्षित भण्डारण कराएं। त्योंथर क्षेत्र में धान परिवहन के लिए अतिरिक्त वाहन तैनात करें। उपार्जित धान का स्वीकृति पत्रक जारी कराकर किसानों को भुगतान कराएं। उप संचालक कृषि तथा जिला प्रबंधक विपणन संघ ई टोकन के माध्यम से खाद का वितरण कराएं। जिले को यूरिया खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही है। करहिया मण्डी, उमरी और चाकघाट वितरण केन्द्रों में कड़ी निगरानी रखें। बैठक में कलेक्टर ने वृंदावन ग्राम योजना, क्षीरधारा ग्राम योजना तथा ई आफिस के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने कहा कि आई गॉट ट्रेनिंग पर प्रशिक्षण नया शेड्यूल जारी हो गया है। सभी अधिकारी तथा अधीनस्थ कर्मचारी इसका उपयोग करते हुए कम से कम 6 ऑनलाइन ट्रेनिंग अवश्य करें। इसमें कार्यालय प्रबंधन से जुड़ी बहुत उपयोगी जानकारी दी जाती है। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर जीपी अग्रवाल, जनपद के सीईओ, सीएमओ, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, बीएमओ, बीईओ तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now