मुख्यमंत्री ने त्योंथर में आईटीआई तथा 400 एकड़ में औद्योगिक विकास केंद्र के निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के चाकघाट कृषि उपज मंडी में आयोजित विंध्य विकास संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए मध्यप्रदेश का प्रवेश द्वार है। यहां टमस नदी की अपार जलराशि और पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। यहां शीघ्र ही औद्योगिक विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे औद्योगिक विकास होगा। जबसे डबल इंजन की सरकार बनी है तबसे पूरे प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। मैं पिछले साल ही त्योंथर आना चाहता था, लेकिन नहीं आ सका। त्योंथर के यशस्वी पूर्व विधायक तथा विधानसभा अध्यक्ष श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी के जन्मदिन पर भी मुझे यहां आना था, लेकिन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अपना जन्मदिन मनाने के लिए मध्यप्रदेश के आदिवासियों और गरीबों के बीच में 17 सितंबर को आए। प्रधानमंत्री जी ने 200 एकड़ क्षेत्र में देश के सबसे बड़े टेक्सटाइल पार्क की नींव रखी। इससे 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंच पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी संस्थान द्वारा 125 करोड़ रुपए की लागत से कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की स्थापना की जा रही है। इसका आज भूमि पूजन किया गया है। इससे क्षेत्र की धान की पराली और भूसे की समस्या से निजात मिलेगी। किसानों को फसल के साथ-साथ फसल अवशिष्ट के भी दाम मिलेंगे। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे हर साल 18000 टन खाद का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने त्योंथर सिविल अस्पताल में 50 बिस्तर को 100 बिस्तरों में उन्नयन करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योंथर में आईटीआई तथा 400 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास केंद्र का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हाल ही में लाड़ली बहनों को 1250 रुपए की जगह 1500 दिए गए हैं। त्योंथर में दशहरा, दीवाली में तो आनंद और उल्लास होगा ही उसके पहले ही 162.31 करोड़ की सौगात दी गई है। इससे पूरे क्षेत्र का नक्शा बदल जाएगा। हमारी सरकार शिक्षा, स्वरोजगार और औद्योगिक विकास के लिए हर संभव सहायता दे रही है। रीवा की पहचान सुंदरजा आम है। एक एकड़ में आम की बगिया लगाने पर 4 लाख 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। बाग भी आपका आमदनी भी आपकी और आम भी आपके। गौपालन करने पर 25 गायों की गौशाला पर 40 लाख रुपए तक की योजना है। इसमें से 10 लाख रुपए अनुदान दिया जा रहा है। कोई बीमार होता है तो उसे आयुष्मान कार्ड से निशुल्क उपचार की सुविधा है। जरूरत पड़ती है तो हेलीकॉप्टर और एयर एंबुलेंस से गंभीर रोगी को बड़े अस्पताल पहुंचाते हैं। विंध्य की भूमि भगवान राम की रही है। चित्रकूट धाम के विकास के लिए 2250 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। प्रदेश में भगवान कृष्ण से जुड़े स्थानों का भी विकास किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजना के हितग्राहियों को हित लाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने तीन उद्योगपतियों को उद्योग लगाने के लिए भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया। समारोह में गोपाल ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया।

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि गैस प्लांट की स्थापना से पराली की समस्या हल होगी। हमारी सरकार ने त्योंथर क्षेत्र में पुल, नहर और सड़कों की कई सौगातें दी हैं। यहां के लिए स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं से अगले 5 सालों में हर खेत में सिंचाई की सुविधा होगी।

समारोह में मुख्यमंत्री जी का स्वागत करते हुए विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का हर क्षण प्रदेश के विकास के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री जी सही मायने में कर्मयोगी की हैं। लोक निर्माण विभाग ने 170 करोड़ की सड़कों का निर्माण किया है। दोनों नगर पंचायत को दो करोड़ रुपए तथा क्षेत्र को दो विद्युत सब स्टेशन और एक स्टेडियम की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री जी ने त्योंथर औद्योगिक क्षेत्र विकास की सौगात दी है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। त्योंथर, प्रयागराज और बनारस भी औद्योगिक कॉरिडोर का विकास होने से पूरा विंध्य विकास में अग्रणी बनेगा।

समरोह में सांसद सतना श्री गणेश सिंह, विधायक गुढ़ श्री नागेंद्र सिंह, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, विधायक मनगवां श्री नरेंद्र प्रजापति, विधायक व्यौहारी श्री शरद कोल, विधायक पवई श्री प्रहलाद सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल तथा पूर्व महापौर श्री वीरेंद्र गुप्ता, डॉ अजय सिंह, पूर्व विधायक डॉ पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन में कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम डॉक्टर सौरभ सोनवाणे, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सम्मेलन में क्षेत्रीय लोक गायिका राखी द्विवेदी ने रोचक और मनोरंजक लोकगीत प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री जी का स्वागत आदिवासी लोक नृत्य गुदुम बाजा से किया गया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now