संभागीय महिला अधिकारियों की पहल – बच्चों और महिलाओं को दिए पोषण किट

कमिश्नर बीएस जामोद की पहल पर शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई तरह के नवाचार किए जा रहे हैं। इस क्रम में 5 संभागीय महिला अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केन्द्र रीठी में जाकर महिलाओं और बच्चों को नि:शुल्क पोषण किट प्रदान किए। इस संबंध में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती ऊषा सिंह सोलंकी ने बताया कि महिला अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केन्द्र रीठी को आदर्श आंगनवाड़ी केन्द्र बनाने के लिए प्रयास शुरू किए हैं। इस केन्द्र का नियमित रूप से भ्रमण किया जा रहा है। प्रथम दिन के भ्रमण के समय आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज सभी बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई। महिलाओं को स्वयं तथा परिवेश की साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग से बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच कराई गई। जिला आयुष विभाग की टीम द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र में 142 बच्चों का स्वर्णप्राशन कराया गया। रीठी आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज सभी शिशुओं और गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को सुपोषित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। इन अधिकारियों के समूह में संयुक्त संचालक श्रीमती ऊषा सिंह, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उप संचालक मछली पालन डॉ अंजना सिंह, सहायक आयुक्त आबकारी कीर्ति दुबे तथा सहायक संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी शामिल हैं। कमिश्नर श्री जामोद ने महिला अधिकारियों के द्वारा किए गए नवाचार की सराहना की है। आंगनवाड़ी केन्द्र में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, परियोजना अधिकारी शेषनारायण मिश्रा, सरपंच ग्राम पंचायत रीठी रामसेवक पटेल, पर्यवेक्षक ममता शर्मा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक ने सहयोग प्रदान किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now