उत्कर्ष त्रिपाठी रीवा नगर निगम के रतहरा के निवासी हैं। उत्कर्ष ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी प्राप्त करने के कई प्रयास किए। इसके बाद उत्कर्ष ने अपने पिता के बिजली उपकरणों के सुधार तथा बिक्री के व्यवसाय में हाथ बटाना शुरू किया। छोटी दुकान से बहुत अधिक आमदनी नहीं हो रही थी। उत्कर्ष ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से बिजली उपकरणों के सुधार की नई यूनिट लगाने का निश्चय किया। उन्होंने जिला उद्योग तथा व्यापार केन्द्र से योजना की पूरी जानकारी लेकर ऑनलाइन आवेदन किया। उत्कर्ष का प्रकरण बैंक से स्वीकृत होने के बाद उन्हें 20 लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। इसका सही उपयोग करते हुए उत्कर्ष ने अपनी दुकान का विस्तार किया। वर्तमान में उत्कर्ष को हर महीने एक से डेढ़ लाख रुपए की आय प्राप्त हो रही है। उनकी दुकान में 10 इलेक्ट्रीशियन रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। जो रोजगार की तलाश में था वह 10 को रोजगार दे रहा है। उत्कर्ष ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से अपने जीवन का उत्कर्ष सफलतापूर्वक किया है।
