जिले में निर्धारित 119 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद की जा रही है। जिले में 8 मई तक 9551 किसानों से 478477 क्विंटल गेंहू की खरीद की गयी है। इसके लिए किसानों को 9432.75 लाख रूपये की राशि मंजूर की गयी है। खरीदे गये गेंहू में 409861 क्विंटल गेंहू का परिवहन कर भण्डारण कराया जा चुका है। इस संबंध में जिला आपूर्ति नियंत्रक ओपी पाण्डेय ने बताया कि अब तक 16343 किसानों ने गेंहू उपार्जन के लिए स्लॉट बुक किये हैं। खरीदी केन्द्रों में गेंहू उपार्जन के लिए वारदाने, तौल कांटे तथा अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं। किसान अपनी सुविधा के अनुसार खरीदी केन्द्र तथा खरीदी का स्लॉट बुक कर सकते हैं। पंजीकृत किसान जिले के किसी भी खरीदी केन्द्र में स्लॉट बुक करके गेंहू दे सकते हैं। सभी समिति प्रबंधक असमय वर्षा को देखते हुए उपार्जित गेंहू का तत्काल परिवहन कर सुरक्षित भण्डारण कराएं। (JS)
