एक समय था जब बड़े – बड़े शहरों के बच्चे ही सीए की पढ़ाई कर पाते थे जबकि आज के दौर में ग्रामीण अंचल से निकल कर एक बच्चे ने बड़े शहरों के बच्चों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। अभिमन्यु मिश्रा रीवा जिले के जनपद पंचायत त्यौंथर अंतर्गत आने वाले ग्राम व ग्राम पंचायत अमांव के रहने वाले हैं। परिवार बेहद ही साधारण है। अभिमन्यु मिश्रा की इस सफलता के पीछे उनके पिता पवन मिश्रा के वर्षों का कड़ा संघर्ष और अटूट समर्पण शामिल है। उन्होंने न केवल अभावों में जीकर अभिमन्यु को पढ़ाया, बल्कि हर मुश्किल का सामना करते हुए उनका पालन पोषण किया। आज सीए की डिग्री के साथ अभिमन्यु की बड़ी उपलब्धि ने उनके पिता के सभी संघर्षों को सार्थक कर दिया है। अभिमन्यु की माँ सुधा मिश्रा एक ग्रहणी हैं और बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सामान्य जीवन जीती रही हैं।
अभिमन्यु ने बताया कि उनके पिता ने धूप में जलकर मुझे एक साया दिया, हर मुश्किल का उन्होंने तन्हा जवाब दिया। पैसे-पैसे को जोड़कर उन्होंने पढ़ाई पूरी कराई, अपने हर ख्वाब को मेरी कामयाबी में मिला दिया। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त 2026 को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह उनके बाबा श्री प्रेमलाल मिश्रा का आशीर्वाद है। उन्होंने बताया कि जल्द ही चाकघाट में उनका कार्यालय खुलेगा, जिसमें सीए से सम्बंधित कार्य की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
विंध्य की बेहतरीन खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से क्लिक करें



