बड़ी ख़बर : रीवा शहर में पीएनजी कनेक्शन की सुविधा, पाइपलाइन से घर-घर पहुंचेगी गैस

रीवा शहर में स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा संचालित पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा का विस्तार किया जा रहा है। रीवा के दर्जनों मोहल्लों और कॉलोनियों में इस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है, जिसका लाभ अब लगातार अधिक क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को मिल रहा है। वर्तमान में रीवा के प्रमुख रहवासी क्षेत्रों जैसे नेहरू नगर, संजय नगर, इंदिरा नगर, तिलक नगर और बजरंग नगर में यह सुविधा पूरी तरह सक्रिय है। इसके साथ ही रतहरा, अरुण नगर, श्रीयुत नगर और अनंतपुर क्षेत्रों में भी पाइपलाइन के जरिए गैस की आपूर्ति की जा रही है। शहर की प्रीमियम सोसायटियों और कॉलोनियों, जिनमें शिल्पी उपवन, शिल्पी कुंज, समान, वृंदावन और समदरिया गोल्ड शामिल हैं, वहाँ के रहवासी भी अब इस आधुनिक सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। इन मोहल्लों में पाइपलाइन से गैस की नियमित आपूर्ति की जा रही है। कनेक्शन लेने वालों को अब सिलेंडर भरवाने से मुक्ति मिली है।

सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें

पीएनजी सेवा की सबसे बड़ी विशेषता इसकी निरंतरता और सुरक्षा है। जिससे उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग एवं आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलती है। यह गैस हवा से हल्की होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बेहद भरोसेमंद मानी जाती है और एलपीजी के मुकाबले काफी किफायती भी है। सीधे पाइपलाइन से चूल्हे तक पहुँचने वाली यह गैस रसोई में जगह की बचत करती है और उपयोग में भी बेहद सरल है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने इस विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रीवा के नागरिकों से अपील की है कि वे इस स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा विकल्प को अपनाएं। कंपनी का मानना है कि अधिक से अधिक घरों में पीएनजी का उपयोग न केवल व्यक्तिगत सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में भी रीवा के योगदान को सुनिश्चित करेगा। नए कनेक्शन और विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक नागरिक कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों से संपर्क कर इस आधुनिक ऊर्जा क्रांति का हिस्सा बन सकते हैं। कंपनी से मोबाइल नम्बर 9424836488 पर अथवा कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now