रीवा जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में प्रवेशोत्सव के साथ एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया। विद्यार्थियों का विद्यालयों में तिलक लगाकर स्वागत करते हुए नई कक्षा में प्रवेश कराया गया। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें प्रदान की गईं। जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शासकीय एसके कन्या उमावि में आयोजित किया गया। प्रवेशोत्सव का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा नि:शुल्क पुस्तकें प्रदान की।
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़ें विंध्य अलर्ट से – वॉट्सएप ग्रुप के लिए क्लिक करें
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षित और संस्कारवान बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। सभी विद्यार्थी नई कक्षा में आज प्रवेश लेकर पूरे उत्साह के साथ शिक्षा प्राप्त करें। शिक्षा के विकास के लिए शासन द्वारा नि:शुल्क किताबें, पात्र विद्यार्थियों को साइकिल तथा छात्रवृत्ति दी जा रही है। अच्छी शिक्षा से ही उन्नति का मार्ग खुलता है। प्रवेशोत्सव में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने कहा कि शिक्षा ही विकास का आधार है। सभी विद्यार्थी पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें। कक्षा दसवीं के बाद सभी विद्यार्थी अपनी रूचि और योग्यता के अनुसार विषय लेकर पढ़ाई करें तथा कॅरियर की तैयारी करें। लगातार प्रयासों से ही सफलता प्राप्त होती है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को शाला में प्रवेश अवश्य कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्वयक शिक्षा मिशन सभी सर्वेक्षित विद्यार्थियों का शाला में प्रवेश सुनिश्चित करें। मजरे, टोले या अन्य स्थानों में यदि कोई विद्यार्थी छूट गया तो उसका भी शाला में प्रवेश कराएं। कक्षाएं शुरू होने से पहले नए शिक्षा सत्र की तैयारी कर लें और प्रवेश संबंधी कार्यवाहियाँ पूरी कर लें। प्रवेशोत्सव में अभिभावकों को भी अनिवार्य रूप से शामिल करें। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा ने विभागीय योजनाओं तथा नए शिक्षा सत्र के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक संचालक राजेश मिश्रा, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन राजेश तिवारी, शिक्षकगण, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



