जिले भर में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य विभागों के सहयोग से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अभियान के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रत्येक विकासखण्ड में बैठक लेकर अभियान की तैयारी कराएं। अभियान की अवधि में जिला अस्पताल से लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्रों तक शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं तथा अन्य महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच के लिए चिकित्सक तैनात करें। शिविर में महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण, संचारी तथा असंचारी रोगों की पहचान के लिए जाँच की समुचित व्यवस्था करें। शिविर में प्रत्येक दिन किए गए कार्य की पूरी जानकारी फोटो सहित पोर्टल पर दर्ज कराएं। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जाँच की जानकारी अनमोल पोर्टल पर भी दर्ज करें। अभियान के दौरान सभी अस्पतालों में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन करें। इसे सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को भी भागीदार बनाएं।
कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता के माध्यम से प्रत्येक गर्भवती महिला को शिविर तक ले जाकर उसके स्वास्थ्य की जाँच कराएं। उनमें किसी भी रोग के लक्षण, खून की कमी अथवा अन्य परेशानी होने पर समुचित उपचार कराएं। स्वास्थ्य विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर अभियान के लिए तैयारी करें। शिविर स्थल पर ही महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण आहार प्रदर्शनी भी लगाए। जिला से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक के शिविरों में भागीदारी निभाने के लिए जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करें। इस अभियान में शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच करें। अभियान के दौरान किशोरियों की स्वास्थ्य रक्षा तथा महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए भी विशेष प्रयास करें। अभियान को सफल बनाने में शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग स्वास्थ्य विभाग को पूरा सहयोग दें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने अभियान के संबंध में बताया कि जिला चिकित्सालय में 17 सितम्बर को सांसद श्री जनार्दन मिश्र अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक महिलाओं के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जाँच की जाएगी। जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। अभियान के दौरान महिलाओं में एनीमिया, कैंसर, क्षयरोग, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा आदि की जाँच की जाएगी। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में रैपिड किट से विभिन्न रोगों की जाँच की जाएगी। सभी अस्पतालों को रैपिड किट उपलब्ध करा दिए गए हैं। शिविर में किशोरियों के स्वास्थ्य की जाँच की जाएगी तथा बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह ने बताया कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में विभाग पूरा सहयोग करेगा। इसके साथ-साथ पोषण माह से जुड़ी पोषण जागरूकता की गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




