बहुती और त्योंथर फ्लो सिंचाई परियोजना का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करें – कमिश्नर

कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने संभाग की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि जल संसाधन विभाग के इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसी मिलकर सिंचाई परियोजनाओं का कार्य समय पर पूरा कराएं। सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य की सभी बाधाएं समन्वय से दूर करें। भू अर्जन तथा अन्य अन्तर्विभागीय मुद्दों को हर सप्ताह आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें। बहुती सिंचाई परियोजना तथा त्योंथर फ्लो परियोजना एवं त्योंथर माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य 31 अक्टूबर तक हरहाल में पूरा करें जिससे किसानों को गेंहू एवं अन्य फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।

कमिश्नर ने कहा कि नहरों के निर्माण कार्य में तेजी लाएं। बारिश से पहले शेष कार्य पूरा करने का प्रयास करें। बहुती नहर में डम्प 4500 घनमीटर मिट्टी को अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के सहयोग से नहर से हटाएं। यदि किसी स्थान पर भू अर्जन के कारण किसान निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं तो उन्हें समझाइश देकर मुआवजा राशि का भुगतान कराएं। निर्माण कार्यों से आमजनता और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होना चाहिए। बहुती नहर में चार स्थानों पर सीपेज की समस्या है। इसे दूर करने के लिए सुधार का कार्य तत्काल शुरू कराएं। नईगढ़ी सिंचाई परियोजना में लगभग 20 किलोमीटर में नहर का निर्माण कार्य शेष है। इस परियोजना में 10 वर्ष से अधिक की देरी हो चुकी है। शेष कार्य 31 दिसम्बर 2025 तक पूरा कराएं। सतना जिले की रामनगर सिंचाई परियोजना में एक ट्रांसफार्मर लगाया दिया गया है। दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर शेष क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा दें।

कमिश्नर ने कहा कि सीतापुर-हनुमना लिफ्ट सिंचाई परियोजना के मुख्य बांध के निर्माण के लिए वन विभाग तथा पर्यावरण की मंजूरी के लिए पूरा प्रयास करें। इसके लिए कंसल्टेंट एजेंसी की सेवाओं का भी उपयोग करें। बैठक में कमिश्नर ने दौरी सागर परियोजना, गोंड़ सिंचाई परियोजना, बहरी नहर प्रणाली, सेमरिया परियोजना तथा सिरमौर माइक्रो सिंचाई परियोजना की समीक्षा की। बैठक में चीफ इंजीनियर जल संसाधन एके डेहरिया ने बताया कि बहुती परियोजना का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसका लगभग 91 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। शेष में तेजी से कार्य जारी है। त्योंथर फ्लो परियोजना 15 नवम्बर त्योंथर माइक्रो परियोजना 31 अक्टूबर, लोनी माइक्रो सिंचाई परियोजना 31 दिसम्बर 2026 तथा नईगढ़ी एक एवं नईगढ़ी दो माइक्रो सिंचाई परियोजना दिसम्बर 2025 तक पूरी हो जाएगी। सीतापुर-हनुमना परियोजना में बनाए जाने वाले बांध में 268 एमसीएम पानी का स्टोरेज होगा। इस परियोजना में 89 एमसीएम पानी बाणसागर बांध से लेकर सिंचाई की जाएगी। मुख्य बांध के निर्माण से पहले ही नहर से 89 एमसीएम पानी लेकर सिंचाई की सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में कार्यपालन यंत्री मनोज तिवारी, कार्यपालन यंत्री बीपी मिश्रा, कार्यपालन यंत्री एसएल तिवारी सिंगरौली, कार्यपालन यंत्री अमरदीप त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री एके वर्मा सतना, कार्यपालन यंत्री पीके त्रिपाठी सीधी, कार्यपालन यंत्री बीके ओझा तथा अन्य संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now