वाहनों के लंबित टैक्स की अभियान चलाकर वसूली करें – कमिश्नर

कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि सभी परिवहन अधिकारी बसों की नियमित चेकिंग करें। विशेष अभियान चलाकर एक माह में सभी स्कूल बसों की चेकिंग करें। इनमें किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर जुर्माना लगाएं। स्कूल बसों में सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करें। यात्री बसों की भी नियमित जाँच करें। परिवहन राजस्व के वार्षिक लक्ष्य को हर माह के आनुपातिक लक्ष्य में विभाजित करके इसकी हर माह वसूली कराएं। परिवहन राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करें।

कमिश्नर ने कहा कि सभी जिलों में प्रमुख महाविद्यालयों में शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाएं। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया की भी जानकारी दें। खनिज पदार्थों तथा अन्य सामग्रियों को ले जाने वाले ट्रकों में ओवरलोडिंग पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करें। वाहनों में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय भी सुनिश्चित करें। सभी परिवहन कार्यालयों में ड्राइवरों के प्रशिक्षण के लिए केन्द्र बना दिए गए हैं। इनका संचालन शुरू कराकर ड्राइवरों का नियमित रूप से प्रशिक्षण कराएं। कई बार ड्राइवर की छोटी सी लापरवाही से कई व्यक्तियों की जान चली जाती है। कमिश्नर ने जाँच नाकों में वाहनों की जाँच की नई व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में परिवहन अधिकारी रीवा मनीष त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष रीवा जिले के लिए 155 करोड़, सतना के लिए 147 करोड़, सीधी के लिए 45 करोड़ तथा सिंगरौली के लिए 82 करोड़ रुपए परिवहन राजस्व का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक रीवा जिले में 54.94 करोड़, सतना में 51.38 करोड़ सीधी में 14.92 करोड़ तथा सिंगरौली जिले में 27.68 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली की गई है। सभी जिलों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व की वसूली होगी। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी सतना संजय श्रीवास्तव तथा अन्य जिलों के परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now