गंगेव में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में 101 गरीब बेटियों का हुआ विवाह

मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के अन्तर्गत आज गंगेव में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वेदमंत्रों के साथ विधि विधानपूर्वक कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ। सामूहिक विवाह समारोह में 101 गरीब कन्याओं का विवाह किया गया। विवाह कार्यक्रम के दौरान विधायक पंचूलाल प्रजापति, जनपद सदस्य गणेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि शत्रुघन द्विवेदी,  एसडीएम प्रभाशंकर त्रिपाठी, जनपद के सीईओ राहुल पाण्डेय, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने मिलकर बैण्ड बाजे की धुन पर पारंपरिक रूप से शहर के मुख्य मार्ग में धूम-धाम से बरात निकाली।  

विधायक पंचूलाल प्रजापति ने वरवधू को आशिर्वाद दिया। विधायक पंचूलाल प्रजापति ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की गरीब बेटियों के विवाह का उत्तरदायित्व स्वयं सभाला है। पूर्व में गरीबी के कारण बहुत सी गरीब कन्यायें विवाह से वंचित रह जाती थी। कन्या के जन्म को वरदान बनाने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बनायी गयी है। अब तो राज्य सरकार द्वारा कन्याओं के विवाह में प्रदेश सरकार 49 हजार रूपये की राशि उनके खाते में डालती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेटियों के लिये जन्म से लेकर विवाह तक अनेक योजनाएँ बनाई हैं जिसके लागू होने से हर बेटी खुशहाल है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पहले वरवधू को सामग्री प्रदाय की जाती थी जिसमें शिकायतें आने पर मुख्यमंत्री जी ने नवयुगल के खाते में 49 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा की जो अब उनके खाते में सीधे पहुंच जाती है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए वरदान है जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों के हाथ पीले नहीं कर पाते थे अब सरकार की मदद से धूमधाम से विवाह हो रहे हैं। आज घरों में बेटी के आने पर उत्सव मनाया जाता है तथा उसकी शिक्षा दीक्षा के बाद हाँथ पीले करने की भी जबावदारी सरकार ने ले रखी है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक तौर पर सशक्त बना रही है। इस योजना से प्राप्त होने वाली हर माह की एक हजार रूपये की धन राशि महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों की पूर्ति में कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आगाह किया कि किसी भी प्राइवेट व्यक्ति को अपने आधार कार्ड व खाते का नंबर न दें।  सरकार द्वारा हर वर्ग व समाज के हर व्यक्ति के लिये योजनाएं व कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं ताकि असमानता का भाव पूरी तरह मिट जाय।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रभाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि आज जनपद पंचायत गंगेव में 101 गरीब कन्याओं के हाथ पीले किये गये हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now