रीवा में सनसनीखेज मामला : झाड़ियों में मिली गाड़ी, जमीन में गड़ी मिली लाश!

रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र अंतर्गत चौखण्डी गांव में 60 वर्षीय बकरी व्यापारी के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। व्यापारी लाखू चिकवा पिता लाला चिकवा शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर से बकरी खरीदने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले आस-पड़ोस और परिचितों से उनकी जानकारी जुटाई। मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई और पुलिस को सूचना दी गई। रात में भी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सुराग नहीं मिल पाया।

रविवार सुबह परिजन और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों के साथ चांद-कुरौली रोड पर तलाश शुरू की। इसी दौरान मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते में झाड़ियां टूटी हुई दिखाई दीं। आगे खोजने पर झाड़ियों के बीच व्यापारी की गाड़ी नजर आई। इससे लोगों का संदेह और गहरा गया। इसके बाद करीब 10-12 ग्रामीण आसपास तलाश करने निकले। तलाशी के दौरान एक नाले के पास मिट्टी से ढकी जगह और ताजी मिट्टी दिखाई दी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं डभौरा एसडीओपी नारायण सिंह कुम्हरे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मिली जानकारी के मुताबिक व्यापारी की लाश मिटटी के अंदर दबी मिली है। जिसे पुलिस ने अपने में कब्जे ले कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

फिलहाल व्यापारी का लापता होना, गाड़ी का झाड़ी में मिलना और व्यापारी की लाश मिट्टी के नीचे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। पुलिस लगातार विभिन्न बिंदुओं एवं घटना की जांच में जुट गई है। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी आक्रोश फैला हुआ है। 

Leave a Comment

error: Content is protected !!