उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सआदतगंज इलाके में सिर्फ कार पार्किंग के विवाद में एक युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 10:30 बजे ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता, सआदतगंज की है। खाली पड़े प्लॉट और बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने को लेकर शिवाजी तिवारी परिवार और पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच कहासुनी हुई। शिवाजी तिवारी परिवार ने अपनी कार घर के सामने खड़ी की थी, जिसका ऋषभ ने विरोध किया। विवाद इतना बढ़ा कि ऋषभ घर के अंदर से अवैध पिस्टल निकाल लाया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
एक ही परिवार के 3 चिराग बुझे
गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई जिसमें शिवाजी तिवारी (62) पूर्व RSS जिला सह कार्यवाह, शिवेन्द्र उर्फ शंभू तिवारी (55 वर्ष) – शिवाजी के भाई, सुयश तिवारी (30 वर्ष) – शिवाजी के बेटे, जिनकी दिसंबर में शादी तय थी शामिल हैं।
दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुयश को गंभीर हालत में KGMU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी मौके पर ही धराया
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ऋषभ शुक्ला (30) भागा नहीं। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और 4 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बताया कि आरोपी खुद को मर्चेंट नेवी का कर्मचारी बताता है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
इलाके में भारी पुलिस बल
वारदात की सूचना पर JCP क्राइम बबलू कुमार और DCP वेस्ट जितेन्द्र श्रीवास्तव भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुयश की मां ने बताया कि बेटे की दिसंबर में शादी होने वाली थी, घर में तैयारियां चल रही थीं।






