कमिश्नर कार्यालय में आयोजित समारोह में कमिश्नर बीएस जामोद ने डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित जिला श्रम पदाधिकारी प्रिया अग्रवाल को सम्मानित किया। कमिश्नर ने शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सुश्री अग्रवाल का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि प्रिया अग्रवाल ने श्रम पदाधिकारी के रूप में अपने दायित्व का भलीभांति निर्वहन करते हुए लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी की। प्रिया ने परीक्षा में 6वीं रैंकिंग के साथ डिप्टी कलेक्टर बनकर हम सबका और पूरे विन्ध्य का मान बढ़ाया है। आपने महिला वर्ग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएँ। प्रिया ने सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य किया आपका मधुर व्यवहार और कार्य करने की लगन सदैव स्मृति में रहेगी।
इस अवसर पर सुश्री प्रिया अग्रवाल ने कहा कि मेरे सफलता को सभी अधिकारियों ने अपनी सफलता मान कर जो स्नेह और सम्मान दिया है उसके लिए मैं ह्मदय से आभारी हूँ। मैंने मार्च 2025 में रीवा में जिला श्रम पदाधिकारी का पद भर ग्रहण किया। मुझे 8 महीने के छोटे से कार्यकाल में शासकीय कार्यों और उत्तरदायित्वों को निभाने का बहुत अच्छा अनुभव मिला। कमिश्नर सर और कलेक्टर मैडम के मार्गदर्शन में विभागीय कार्य तथा जनकल्याण के कार्यों को करने की प्रेरणा मिली। मेरी ड्यूटी जल गंगा संवर्धन अभियान में संभागीय दल में लगाई गयी थी। अभियान को मैंने बहुत करीब से देखा और उसमें भागीदारी निभाई। इंटरव्यू में मुझसे जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में भी कई प्रश्न पूछे गये। जिनके उपयुक्त उत्तर मेरी सफलता का आधार बनें। कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलआर अहिरवार तथा सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




