चाकघाट। तीर्थराज प्रयाग महाकुंभ के तीसरे गंगा स्नान के विशेष पर्व बसंत पंचमी पर गंगा स्नान के लिए मध्य प्रदेश की ओर से जाने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा एवं व्यवस्था हेतु चाकघाट में मध्य प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई है। मिली जानकारी के अनुसार अब तक यहां (चाकघाट) से प्रयागराज के लिए जाने वाले यात्रियों एवं गंगा स्नान के बाद वापस लौटने वाले सभी यात्री कुशल, सुरक्षित एवं प्रसन्न चित्र दिखाई दे रहे हैं। नगर परिषद चाकघाट जो की प्रयागराज की सीमा से लगी हुई है यहां पर नगर परिषद एवं प्रशासन की ओर से अस्थाई रैन बसेरा बनाया गया है, जहां यात्रियों को ठहरने भोजन एवं स्वास्थ्य की सुविधा दी जा रही है। त्योंथर क्षेत्र के तहसीलदार निलेश सिंह एवं अन्य कई विभागों के अधिकारी कर्मचारी यहां की व्यवस्था पर निगरानी बनाए हुए हैं। तहसीलदार निलेश सिंह ने एक चर्चा के दौरान बताया की रीवा जिला के जिला कलेक्टर एवं त्योंथर क्षेत्र के एसडीएम संजय जैन के कुशल मार्गदर्शन में चाकघाट में तीर्थ यात्रियों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से चाकघाट थाना पुलिस एवं अन्य पुलिस बल तैनात हैं। चाकघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ हरी सिंह के अनुसार यहां पर स्वास्थ्य सुविधा के लिए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था की गई है। चाकघाट से प्रयागराज जाने के लिए तीर्थ यात्रियों को निशुल्क बस की सुविधा उत्तर प्रदेश रोडवेज विभाग द्वारा की गई है। एक प्रकार से देखा जाए कुंभ मेला तीर्थ यात्रियों के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम चाकघाट में किया गया है। हालांकि मौनी अमावस्या स्नान के लिए जिस ढंग से श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई थी वैसी स्थिति अब नहीं है। फिर भी जो यात्री गंगा स्नान के लिए जा रहे हैं उनकी पूर्ण व्यवस्था चाकघाट में की जा रही है।
