राजस्व संबंधी प्रकरण लंबित न रहें यह पटवारियों की जिम्मेदारी है – उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के विकास में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पटवारियों की मांगों को शासन स्तर से पूरा कराने का तत्परता से प्रयास किया जायेगा। पटवारियों की जिम्मेदारी है कि राजस्व संबंधित प्रकरणों का समय पर निराकरण करें, कोई प्रकरण लंबित न रहे और प्रदेश में राजस्व महाअभियान न चलाना पड़े।

स्थानीय कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि पटवारी अपने हल्के में किसानों के सभी कार्य टीम भावना के साथ अपनी योग्यता एवं कुशलता के साथ समय पर करें क्योकि राजस्व संबंधी विवाद सिर्फ पटवारी ही समाप्त करा सकते हैं। पटवारी यदि चाह लें तो राजस्व महाअभियान संचालित करने की जरूरत ही नही पड़े। उन्होंने कहा कि जनहित के मामले में सभी को मिल कर कार्य करना चाहिए तभी हम अपने प्रदेश व जिले को ऊंचाईयों तक ले जाने में सक्षम हो पायेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व के मामले में देश में सबसे अच्छा कार्य हमारे प्रदेश में हो रहा है जरूरत इस बात की है कि राजस्व के कार्यों की लगातार मानीटरिंग हो और सभी राजस्व के अधिकारी टीम भावना के साथ लोगों के कार्यों को समय पर निराकृत करें। उन्होंने कार्य करने के संस्कृति को विकसित करते हुए रीवा जिले व प्रदेश को उच्चतम शिखर पर ले जाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने पटवारियों की विभिन्न मांगों की ओर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का ध्यान आकृष्ट किया। उप मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय कार्य के लिए दिव्या नायक को सम्मानित किया। इस अवसर पर रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, पूर्व महापौर राजेन्द्र ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में पटवारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now