मुख्यमंत्री प्रदेश के पहले डबल डेकर ओवर ब्रिज का किया भूमिपूजन

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में प्रदेश के पहले डबल डेकर ओवर ब्रिज का भूमि पूजन करते हुए कहा कि धन के अभाव में इंदौर का विकास अवरूद्ध नहीं होगा। धन की कोई कमी नहीं है। इंदौर दुनिया के अच्छे शहरों में स्थान बना रहा है। विकास के मामले में लगातार आगे बढ़ रहा है। बीमारू राज्य से हमने प्रदेश को बाहर निकाला है। आज चहुंओर विकास ही विकास हो रहे हैं। इंदौर में विकास की गति नहीं रूकेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर के विकास के लिये 1483 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन/लोकार्पण किया। इसमें मुख्य रूप से इंदौर के पहले मल्टी लेयर फ्लायओवर का भूमिपूजन भी शामिल है। इसे मिलाकर कुल चार फ्लाई ओवर और दो रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन हुआ। उन्होंने लगभग 80 करोड़ रूपये लागत की 7 सड़कों का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, सांसद श्री शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़, आईडीए के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, उपाध्यक्ष श्री गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले डबल डेकर ओवर ब्रिज का भूमिपूजन किया। कुल 1400 करोड़ रूपये लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 83.48 करोड़ रूपये लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अधोसंरचना उन्नयन हेतु कुल 192.24 करोड़ रूपये लागत के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया , जिसमें 321 बिस्तरीय नवीन केंसर अस्पताल भवन, 50 बिस्तरीय सीसीएचबी यूनिट, 1000 सीटेड ऑडिटोरियम, विभिन्न चिकित्सा विभागों हेतु नवीन भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now