बड़ी खबर : चाकघाट बाजार में भीषण अग्निकांड! गोलू फर्नीचर जलकर खाक, 4 घंटे तक धधकती रहीं लपटें – करोड़ों का नुकसान, फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा

चाकघाट। रीवा जिले के चाकघाट बाजार में मंगलवार का दिन व्यापारियों के लिए काला दिन साबित हुआ। बाजार के बीचों-बीच स्थित गोलू फर्नीचर हाउस में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान और ऊपर बने घर के दूसरे फ्लोर तक लपटें पहुंच गईं। फर्नीचर, लकड़ी, फोम, गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और करीब 60×60 के पूरे एरिया को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा बढ़ गया, जिससे आसपास के व्यापारियों में दहशत फैल गई। लोग अपनी-अपनी दुकानों का सामान बाहर निकालने लगे, शटर गिराने लगे और जान बचाकर भागने लगे। बाजार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया और सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

शुरुआत में ही बुझ सकती थी आग, लेकिन…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग शुरुआत में छोटी थी। अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो आग को उसी समय काबू किया जा सकता था लेकिन चाकघाट नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची ही नहीं। कारण जो सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला है। बताया गया कि चाकघाट नगर परिषद की फायर ब्रिगेड पिछले 2-3 महीने से खराब पड़ी हुई है। कई बार शिकायत के बाद भी उसे सुधरवाने का प्रयास नहीं किया गया। घटना के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा लगातार पानी की व्यवस्था, टैंकर से पानी सप्लाई, बोर से पानी व्यवस्था, आदि आग बुझाने की जद्दोजहद देखने को मिली। 

दीपावली के पर्व पर भी जब बाजार में भीड़ थी और आग का खतरा सबसे ज्यादा था, तब भी यही स्थिति थी। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर परिषद को इस बारे में अवगत कराया, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। इसी लापरवाही का नतीजा आज पूरे बाजार ने भुगता।

1 घंटे बाद पहुंची त्यौंथर की गाड़ी, 10 मिनट में हो गई खाली
आग लगने के करीब 1 घंटे बाद नगर परिषद त्यौंथर की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लेकिन वह भी मात्र 10 मिनट में ही खाली हो गई। इसके बाद करीब 1 घंटे तक नगर परिषद के टैंकर धीरे-धीरे पहुंचते रहे। तब तक आग पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने अपने संसाधनों – बाल्टी, पाइप, टैंकर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन फर्नीचर की दुकान में आग इतनी तेज थी कि आम लोगों के बस की बात नहीं थी। करीब 2 घंटे तक सही रूप से राहत कार्य शुरू ही नहीं हो पाया। लोग प्रशासन को कोसते रहे, फोन करते रहे, लेकिन मदद धीरे-धीरे पहुंच रही थी।

प्रयागराज की टीम ने संभाला मोर्चा, तब जाकर 4 घंटे बाद काबू पाई आग
जब रीवा प्रशासन की आग बुझाने की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई, तब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से फायर ब्रिगेड और उसकी प्रशिक्षित टीम को बुलाना पड़ा। प्रयागराज की टीम ने आते ही मोर्चा संभाला। इसके बाद मनगवां, डभौरा और अन्य जगहों से भी संसाधन जुटाए गए। तब जाकर करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गोलू फर्नीचर हाउस की दुकान और घर का दूसरा फ्लोर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। अंदर रखा लाखों-करोड़ों का फर्नीचर, सामान, नकदी और जरूरी कागजात सब कुछ राख बन गया।

करोड़ों का नुकसान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में फर्नीचर व्यवसायी अशोक कुमार गुप्ता को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई दुकान कुछ ही घंटों में राख में तब्दील हो गई। परिवार के लोग रोते-बिलखते नजर आए। व्यापारी का कहना है कि अब फिर से खड़ा होना बहुत मुश्किल होगा। गनीमत यह रही कि इस भीषण आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास की दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

व्यापारियों का फूटा गुस्सा – जनप्रतिनिधियों को खदेड़ा
आग पर काबू न पाने और समय पर मदद न मिलने से आक्रोशित व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। जब नगर पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, तो व्यापारियों ने उन्हें खदेड़ दिया। व्यापारियों ने “नगर परिषद मुर्दाबाद, जिम्मेदार इस्तीफा दो” के नारे लगाए। व्यापारियों का साफ कहना है कि अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो यह बड़ा नुकसान टल सकता था। व्यापारियों ने मांग की है कि चाकघाट नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को तत्काल ठीक कराया जाए, बाजार में स्थायी फायर स्टेशन बनाया जाए और इस लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित व्यापारी को उचित मुआवजा दिया जाए।

घटना के करीब 1 घंटे बाद ही प्रशासनिक अधिकारियों का घटनास्थल पर आगमन शुरू हुआ, जिस पर भी लोगों ने सवाल उठाए!

अब सबसे बड़ा सवाल…
चाकघाट जैसा बड़ा बाजार, जहां रोज हजारों लोग आते हैं, जहां यूपी-एमपी बॉर्डर का बड़ा व्यापारिक केंद्र है, वहां 3 महीने से फायर ब्रिगेड खराब होना क्या सिर्फ लापरवाही है या फिर भ्रष्टाचार? क्या दीपावली के समय भी प्रशासन सोता रहा? अगर आज हवा तेज होती या आग आसपास की दुकानों में फैल जाती, तो कितनी दुकानें जल जातीं? कितनी जानें जातीं? इसका जवाब कौन देगा?

पूरे चाकघाट बाजार में आज सिर्फ एक ही चर्चा है – आग ने सिर्फ दुकान नहीं जलाई, प्रशासन की पोल भी खोल दी!

Leave a Comment

और पढ़ें
error: Content is protected !!